पलामू में मौसेरी बहन से शादी की जिद पर अड़े युवक को लाठी से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पलामू, 17 मई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने बताया कि पवन सिंह की हत्या मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग के कारण उपजे विवाद में की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और पवन के मौसा रवि सिंह (50) को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी राजेश यादव ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा किया। बताया गया कि पवन सिंह का शादीशुदा मौसेरी बहन सोनी देवी के साथ पिछले डेढ़-दो महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोनी देवी एक बच्चे की मां है और पवन उससे शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ था।
15 मई की रात पवन सिंह अपनी मौसेरी बहन से मिलने और उसे शादी के लिए मनाने के लिए उसके मायके दुलसुलमा गांव गया था। इसी बीच आधी रात को बेटी को उसके प्रेमी के साथ देखकर पिता रवि सिंह ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में आकर रवि सिंह ने पीछे से पवन सिंह के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। रवि सिंह पवन के शव को पास के हड़ही पहाड़ पर ले गया और वहां एक पेड़ पर गमछे के सहारे फंदे से लटका दिया। घटना के बाद पवन सिंह के पिता विजय सिंह ने सोनी देवी, उसके पति फंटूश सिंह और देवर पंकज सिंह के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर असली कहानी सामने आई, जिसके बाद आरोपी मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है और आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 5:30 PM IST












