सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा सानंद और धोलेरा पीयूष गोयल
गांधीनगर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को गांधीनगर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन (एनआईडी) में इनोवेशन और इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पीयूष गोयल ने पत्रकारों से बात करते हुए गुजरात सरकार की सेमीकंडक्टर नीति की सराहना की। उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बधाई देना चाहूंगा। गुजरात ने सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने और नई नीतियों के माध्यम से इसे तेजी से आकर्षित करने में उल्लेखनीय काम किया है। सानंद और धोलेरा अब सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहे हैं। यह देश की बहुत बड़ी जरूरत थी और गुजरात इस आवश्यकता को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।"
गोयल ने कहा कि एनआईडी में स्थापित इनोवेशन और इनक्यूबेशन सेंटर युवा प्रतिभाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा विकसित नवाचारी आइडिया, क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन्स को देखा।
समारोह के बाद पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज एनआईडी गांधीनगर में गृहमंत्री अमित शाह के साथ छात्रों द्वारा विकसित नए विचार, क्रिएटिव प्रोजेक्ट और भविष्य के डिजाइन को देखने का अवसर मिला। युवाओं की सोच, उनकी क्रिएटिविटी और समस्याओं के प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस को देखकर आत्मविश्वास बढ़ा कि भारत का भविष्य नवाचार, डिजाइन और प्रौद्योगिकी संचालित होने वाला है। ऐसे ही नवाचार विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।"
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "आज गांधीनगर में माननीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में एनआईडी के इनक्यूबेशन और इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। डिजाइन, इनोवेशन और उद्यमिता विकसित भारत की नई पहचान बनने जा रहे हैं।"
पीयूष गोयल ने जोर देकर कहा कि एनआईडी जैसे संस्थान देश के युवाओं को 'नौकरी चाहने वालों' से ‘नौकरी देने वालों’ में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र वैश्विक मंच पर भारत की रचनात्मक प्रतिभा को नई पहचान देगा और 'भारत में डिजाइन किया गया' को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 5:47 PM IST












