बिहार वैशाली में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, कुख्यात अपराधी के पैर में लगी गोली

हाजीपुर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में रविवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सदर थाना क्षेत्र के दिगही कला स्थित मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी की पहचान राज मंगल कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, वैशाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रविवार रात कुछ अपराधी मरमला चौर में जुटने वाले हैं। सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिसमें राज मंगल कुमार घायल हो गया।
बताया गया कि उसके साथ मौजूद अन्य अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, राज मंगल कुमार उर्फ छोटू वैशाली और समस्तीपुर जिले में लंबे समय से सक्रिय था। उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। आरोपी वर्ष 2025 में पुलिस को चकमा देकर समस्तीपुर कोर्ट से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
