हमीरपुर में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों पैरों में लगी गोली

हमीरपुर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी हीरालाल पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटनास्थल पर छिपाकर रखे गए अवैध देसी तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को मुस्करा थाना क्षेत्र के एक कस्बे में तीन साल की बच्ची का शव बरामद हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी हीरालाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर उसके साथ वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद बच्ची की हत्या कर दी गई।
एएसपी अरविंद कुमार ने बताया, "एक नवंबर को मुस्कारा थाना क्षेत्र के कस्बे में तीन साल की एक बच्ची का शव मिला। बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं। टीम ने नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद जब आरोपी को सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया तो उसने एक अवैध देसी पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
