बिहार विधान परिषद चुनाव राजद ने 6 प्रत्याशियों के नामों का किया ऐलान, पटना से संजीव सिंह और दिलीप कुमार को टिकट
पटना, 11 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शुक्रवार को अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए राजद ने 6 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। उन्होंने बताया कि दो सीटों पर अभी विचार जारी है।
राजद द्वारा जारी सूची के अनुसार पटना शिक्षक सीट से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पटना स्नातक सीट से दिलीप कुमार राजद के प्रत्याशी होंगे। कोशी स्नातक सीट से नितेश कुमार को टिकट दिया गया है। वहीं दरभंगा स्नातक सीट से अनिल कुमार झा को मैदान में उतारा गया है। सारण शिक्षक सीट से प्रो. जयराम यादव को राजद ने उम्मीदवार बनाया है और तिरहुत स्नातक सीट से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
तेजस्वी यादव की अगुवाई वाली राजद ने इन 6 सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। पटना से पूर्व विधायक संजीव सिंह को एक बार फिर भरोसा जताया गया है। संजीव कुमार सिंह पिछले साल खगड़िया जिले की परबत्ता सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे। इससे पहले वह परबत्ता से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से विधायक रह चुके हैं। बाद में उन्होंने राजद का दामन थाम लिया था।
बिहार विधान परिषद की कुल 8 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनका कार्यकाल 16 नवंबर को पूरा हो रहा है। इनमें स्नातक और शिक्षक कोटे की सीटें शामिल हैं। राजद ने 6 सीटों पर नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि 2 सीटों पर अभी मंथन चल रहा है।
इन 8 सीटों पर चुनाव की घोषणा जल्द होने वाली है। इस बार एमएलसी चुनाव में त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। एक तरफ जदयू-भाजपा समर्थित एनडीए है तो दूसरी तरफ राजद समर्थित महागठबंधन। इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। निर्दलीय प्रत्याशी भी अलग-अलग सीटों पर ताल ठोक सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2026 9:16 PM IST












