बिहार विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने पर खगड़िया सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, विशेष ट्रेन चलाने की मांग
भागलपुर, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्पन्न गंभीर यातायात संकट को लेकर खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने केंद्र सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सहरसा और कटिहार से भागलपुर तक विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया है।
सांसद राजेश वर्मा ने अपने पत्र में कहा कि विक्रमशिला सेतु, जिसे कोसी-सीमांचल क्षेत्र की लाइफलाइन माना जाता है, 3 मई की देर रात एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में समा जाने के कारण पूरी तरह बाधित हो गया है। इस घटना के बाद लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है और पूरे इलाके में परिवहन संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के जरिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते थे। खासकर खगड़िया, सहरसा, कटिहार, नवगछिया, पूर्णिया और आसपास के जिलों के छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के लिए भागलपुर पर निर्भर रहते हैं। सेतु के बंद होने से इन सभी वर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने रेल मंत्री को यह भी अवगत कराया कि वर्तमान में खगड़िया, सहरसा और कटिहार से भागलपुर के लिए कोई सीधा रेल विकल्प उपलब्ध नहीं है, जिससे आमजन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में रेलवे की त्वरित पहल ही लोगों को राहत दे सकती है। उन्होंने यह मांग की कि सहरसा और कटिहार जंक्शन से खगड़िया-मुंगेर रेल-सह-सड़क पुल के रास्ते भागलपुर तक एक सवारी (पैसेंजर) ट्रेन और एक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन तुरंत शुरू किया जाए। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा और क्षेत्र की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से न केवल लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कोसी-सीमांचल क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सांसद ने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
खगड़िया सांसद की इस पहल का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला है और इससे जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 5:19 PM IST












