बिहार जमीन विवाद में अधेड़ की बेरहमी से हत्या, 5 दिन बाद पईन से मिला शव
नालंदा, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित पईन से पुलिस ने शनिवार को 5 दिनों से लापता एक अधेड़ का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के अस्थावां बस्ती निवासी सुरेश राम के 45 वर्षीय पुत्र सोनू राम के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक दबंग पर 13 कट्ठा जमीन हड़पने और बकाया 13 लाख रुपए नहीं देने के विवाद में गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतक के मौसेरे भाई सबलू कुमार ने बताया कि गांव के ही दबंग मुकेश यादव ने सोनू की 13 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर लिया है। आरोपी ने पहले 8 कट्ठा जमीन अपने नाम लिखवा ली थी, लेकिन पैसे नहीं दिए। पैसे मांगने पर उसने 5 कट्ठा जमीन और जबरन जोत ली। जमीन के एवज में कुल 13 लाख रुपए बकाया थे। इसे लेकर 24 अप्रैल को गांव में पंचायती भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई हुई थी। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। पिछले माह 25 अप्रैल को ही बेटे की शादी हुई थी।
सबलू ने बताया कि पंचायती के दो-तीन दिन बाद तक सोनू दिखे थे, लेकिन पिछले 4-5 दिनों से वे लापता थे। पुलिस के माध्यम से तेतरावां के पईन में शव पड़े होने की सूचना मिली। शव के पास से मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त हुई। परिजनों का आरोप है कि सोनू का हाथ टूटा हुआ है, सिर पर चोट के गहरे निशान हैं और गला दबाकर उनकी निर्मम हत्या की गई है। परिजनों के अनुसार, आरोपी इलाके में अक्सर जमीन कब्जाने का काम करता है और अपनी ऊंची पहुंच की धौंस दिखाता है।
मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पईन में लाकर फेंका गया है। वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, और परिजनों का लिखित आवेदन मिलने पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 7:34 PM IST












