बिना दवा लिए कोलेस्ट्रॉल को कर सकते हैं संतुलित, बस फॉलो करने होंगे यह टिप्स
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। आज की आधुनिक जीवनशैली में शारीरिक गतिविधि काफी कम हो गई है, क्योंकि ज्यादातर लोग दिनभर एक ही जगह बैठकर काम करते हैं। इस वजह से शरीर धीरे-धीरे कई बीमारियों की चपेट में आने लगता है। खासकर बढ़ता हुआ कोलेस्ट्रॉल आज एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुका है।
30 की उम्र के बाद युवाओं में लिवर से जुड़ी दिक्कतें और कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। आमतौर पर डॉक्टर इसके लिए दवाएं देते हैं, जो खून को पतला करने में मदद करती हैं। आयुर्वेद में भी इस समस्या को नियंत्रित करने के लिए कई प्राकृतिक और प्रभावी उपाय बताए गए हैं, जो बिना ज्यादा दवाओं के भी स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं।
बढ़ता कोलेस्ट्रॉल शरीर में कई बीमारियों को न्योता देता है। इससे स्ट्रोक और दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर सामान्यतः कम ही लक्षण दिखाई देते हैं। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर पलकों पर धब्बे होना, सीने में दर्द, सांस लेने में भारीपन, ज्यादा थकान होना और पैरों में ऐंठन की समस्या बढ़ जाती है। वहीं आयुर्वेद में शुरुआती स्टेज में कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए कई उपाय बताए गए हैं, जिन्हें दिनचर्या में शामिल कर बुरे कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है।
सुबह की शुरुआत मेथी के पानी से करें। रात को मेथी के दानों को पानी में भिगो दें और उसमें एक कली लहसुन की भी डाल दें। इस पानी को छानकर पीने से रक्त में जमा कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे कम होने लगता है और कोलेस्ट्रॉल बनाने की प्रक्रिया भी धीमी हो जाती है। अगर चाहें तो सुबह लहसुन को भूनकर भी खाया जा सकता है।
नाश्ते में ओट्स का सेवन भी लाभकारी रहेगा। कोलेस्ट्रोल को कम करने ओट्स में मौजूद बीटा-ग्लूकन और अलसी का ओमेगा-3 लाभकारी साबित होता है। यह दिल पर पड़ने वाले दबाव को भी कम करता है और खराब कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद करता है। आहार में राजमा और दालों को शामिल करें। राजमा में प्लांट प्रोटीन और फाइबर मौजूद होता है, जो कोलेस्ट्रॉल के अवशोषण को रोकते हैं और दिल के कार्य करने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं। इसके साथ ही आहार में से रिफाइंड तेल का त्याग करें। यह कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने का सबसे बड़ा कारण है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 5:37 PM IST












