पिता बने अनुराग डोभाल ने दिखाई बच्चे की झलक, गोद में लेकर भावुक नजर आए यूके07 राइडर
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। यूट्यूबर और 'बिग बॉस 16' के कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल यानी यूके07 राइडर पिता बन गए हैं। उनकी अपनी पत्नी रितिका चौहान ने राम नवमी के शुभ अवसर पर पहले बच्चे को जन्म दिया है। अनुराग ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपने लाडले की झलक दिखाई, जिसमें वह बेहद भावुक नजर आए।
अनुराग ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह नवजात को गोद में लेकर दुलारते और फूट-फूटकर रोते नजर आए। इस दौरान वह बार-बार उसका चेहरा देखते नजर आए। उन्होंने इस पल को “दूसरा जन्म” बताया और लिखा – “मेरे बच्चे के लिए दूसरा जन्म...।” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह बेटा है या बेटी।
अनुराग और रितिका ने पिछले साल सितंबर में फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। राम नवमी के दिन बच्चे के जन्म ने उनके लिए इस त्योहार को और भी खास बना दिया। रितिका चौहान ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर परिवार के इस नए सदस्य के स्वागत की जानकारी दी।
इस वीडियो को देखकर उनके फैंस भी भावुक और कमेंट्स में ढेर सारी बधाइयां देते नजर आए। वहीं, उनकी पत्नी रितिका ने भी इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर तस्वीर पोस्ट की, जिसमें बेबी के पैर नजर आ रहे हैं। रितिका ने फोटो के साथ लिखा, 'राम नवमी के शुभ अवसर पर भगवान ने हमें एक प्यारा तोहफा दिया है। साथ में रितिका ने बेबी के जन्म की तारीख 27 मार्च भी बताई।
अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने मई 2025 में रितिका चौहान से शादी की थी। शादी के समय दोनों अलग-अलग जातियों से होने के कारण उनके परिवार में काफी विवाद हुआ था। अनुराग ने दावा किया था कि उनके माता-पिता ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी थी। शादी के दौरान भी उन्हें परिवार की तरफ से अपमान का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं और अब खुशहाल परिवार की शुरुआत कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 7:03 PM IST












