नवादा में जिला पदाधिकारी की समीक्षा बैठक, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर दिया गया विशेष जोर
नवादा, 28 मार्च (आईएएनएस)। नवादा जिले में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में 28 मार्च 2026 को समाहरणालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत निपुण भारत मिशन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए बताया कि कक्षा 1 से 3 तक के कुल 90,689 बच्चों का भाषा एवं गणित में बुनियादी क्षमताओं का आकलन किया गया। इनमें 75.34 प्रतिशत बच्चे निपुण पाए गए। शेष बच्चों को जून 2026 तक निपुण बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भूमिहीन विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। असैनिक सम्भाग अंतर्गत एसीआर/आर्ट रूम, साइंस रूम, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी रूम, नए विद्यालय भवन और बालक-बालिका शौचालयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण किए जाएं। नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण में भी तेजी लाने का आदेश दिया गया।
जिले के 21 विद्यालयों को 'पीएम श्री योजना' के अंतर्गत चुना गया है, जिन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसके अलावा सभी 14 प्रखंडों में एक-एक मॉडल स्कूल चिन्हित किए गए हैं, जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में बताया गया कि जिले के 1,624 विद्यालयों में रसोई शेड का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष विद्यालयों में भी निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
आरटीई के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए ज्ञानदीप पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया जारी है। अब तक 1,949 बच्चों को पात्र पाया गया, जिनमें से 1,200 बच्चों का नामांकन आवंटित विद्यालयों में हो चुका है।
जिले में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए कुल 2,53,866 पाठ्य पुस्तकें सभी प्रखंड संसाधन केंद्रों को प्राप्त हो चुकी हैं। नए सत्र के शुरू होते ही इन्हें बच्चों के बीच वितरित किया जाएगा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास के अंतर्गत रजौली और कौआकोल प्रखंड में छात्रावास संचालित हैं। वर्तमान में रजौली के मध्य विद्यालय चिरैला में 115 और कौआकोल के बापू इंटर विद्यालय पांडेय गंगौट में 115 छात्र नामांकित हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 7:19 PM IST











