आईपीएल 2026 कप्तान ईशान किशन की विस्फोटक पारी, एसआरएच ने आरसीबी को दिया 202 रन का लक्ष्य

बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) के उद्घाटन मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने कप्तान ईशान किशन की विस्फोटक पारी की बदौलत मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य दिया है।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। एसआरएच की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के दोनों विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड नहीं चले। हेड 11 और शर्मा 7 रन बनाकर आउट हो गए। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी भी फ्लॉप रहे और मात्र 1 रन बना सके। 29 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी एसआरएच को कप्तान ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने संभाला।
बतौर एसआरएच कप्तान अपना पहला मैच खेल रहे ईशान किशन ने टी20 विश्व कप 2026 का अपना फॉर्म बरकरार रखते हुए विस्फोटक अर्धशतक लगाया। किशन शतक से चूक गए, लेकिन उनकी कप्तानी पारी ने सनराइजर्स हैदराबाद को एक सम्मानित स्कोर तक पहुंचा दिया। बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 38 गेंदों में 5 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 80 रन की पारी खेली।
किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 97 रन की साझेदारी की। क्लासेन ने 22 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। इन दोनों के अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अनिकेत वर्मा ने 43 रन की बेहतरीन और प्रभावशाली पारी खेली। अनिकेत ने महज 18 गेंदों पर खेली गई इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। अनिकेत की पारी की वजह से एसआरएच 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन तक पहुंच सकी।
इस मैच से अपने आईपीएल करियर का डेब्यू करने वाले जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी की। वह आरसीबी की तरफ से सबसे सफल और किफायती गेंदबाज रहे। डफी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। रोमारियो शेफर्ड महंगे रहे। शेफर्ड ने 4 ओवर में 54 रन लुटाकर 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 9:31 PM IST











