भाजपा का उद्देश्य देश का भविष्य संवारना है, किसी व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाना नहीं नितिन गडकरी
नागपुर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। नागपुर में भाजपा के स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बीते 40 सालों में पार्टी की यात्रा और उसके मूल उद्देश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना केवल किसी एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं की गई थी।
उन्होंने कहा कि 40 साल पहले राम जेठमलानी और शांति भूषण की मौजूदगी में पार्टी की नींव रखी गई थी। उस समय अलग-अलग नेता 20 जगहों पर गए और पार्टी के विचारों, संविधान और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
गडकरी ने मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन की उस बैठक को भी याद किया, जहां एमसी छागला मुख्य अतिथि थे। छागला ने कहा था कि जो पार्टी देश का नेतृत्व करेगी और जो देश की जिम्मेदारी उठाएगी, उसके साथ मैं यहां उपस्थित हूं।
गडकरी ने बताया कि उस वक्त अटल बिहारी वाजपेयी वहां थे, जो प्रधानमंत्री भी बने। उन्होंने कहा था, "अंधकार छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज यह भविष्यवाणी सच साबित हुई।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का उद्देश्य देश का भविष्य संवारना है, किसी व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाना नहीं।
गडकरी ने यह भी कहा कि जब लोग कहते थे कि अगली बार देश का प्रधानमंत्री अटल जैसा होना चाहिए, तो अटल बिहारी वाजपेयी जवाब देते थे कि यह जरूरी नहीं कि प्रधानमंत्री कौन होगा, बल्कि यह जरूरी है कि देश कैसा होगा। बीते 40 वर्षों में बीजेपी ने इसी उद्देश्य पर काम किया है और कई सपनों को साकार किया है।
उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं पर कहा कि विरोधी पार्टी ने जितना हो सकता था, उतना जहर घोलने की कोशिश की। बीजेपी न तो जातिवादी है और न ही सांप्रदायिक। पार्टी किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। हमारी संस्कृति में लोग अलग-अलग पूजा-पद्धतियों को मानते हैं। कोई मंदिर जाता है, कोई मस्जिद, कोई गुरुद्वारा, लेकिन हम सब भारतीय हैं। हमारी संस्कृति, विरासत और इतिहास एक है।
गडकरी ने अपने ईरान दौरे का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि शिपिंग मंत्री रहते हुए उन्होंने चाबहार बंदरगाह बनाने के लिए ईरान का दौरा किया। वहां उन्हें पता चला कि फारसी भाषा संस्कृत से आई है और संस्कृत हमारी मूल भाषा है। उन्होंने बताया कि तेहरान यूनिवर्सिटी में संस्कृत का विभाग भी है।
गडकरी ने यह भी कहा कि चाहे कश्मीर हो या गुवाहाटी, देश की धरती, विरासत और इतिहास एक हैं। उन्होंने विविधता में एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हमेशा देश हित, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी भावना के साथ काम करें और देश की एकता और विकास के लिए मेहनत करें। उन्होंने 40 साल की यात्रा को प्रेरणादायक बताया और कहा कि आगे भी हमें देश और समाज के लिए इसी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 5:21 PM IST












