भाजपा ने नीतीश और बिहार की जनता को ठगा तेजस्वी यादव
पटना, 30 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा दिए जाने को लेकर कहा कि यह तो होना ही था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने बिहार की जनता और नीतीश कुमार, दोनों को ठगा है।
तेजस्वी यादव ने कहा, "नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का निर्णय दबाव में लिया गया है। हम लोग शुरू से कहते रहे हैं कि अगर एनडीए सत्ता में आई तो नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर रहने नहीं दिया जाएगा। आज वही बात साबित हुआ है।"
भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए, उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिहार की जनता के साथ-साथ नीतीश कुमार को भी ठगने का काम किया है। चुनाव में उन लोगों ने जो धनतंत्र और मशीन तंत्र लगाया था, बिहार की महिला मतदाताओं को ठगा है। महिलाओं को चुनाव के समय 10 हजार रुपये दिया गया था और कहा गया था कि और 1.90 लाख रुपए बाद में दिया जाएगा। अब वह कब मिलेगा, पता नहीं।
उन्होंने कहा, "इसी तरह बिजली की दरों को लेकर भी ठगा गया। 125 यूनिट फ्री बिजली के वादे के बाद बिजली महंगी कर दी गई। कुल मिलाकर यह ठगों की सरकार है। बिहार में सबसे महंगी बिजली है। जो अपनों को ठग सकता है, बिहार की जनता की क्या हालत होगी।"
राजद नेता तेजस्वी यादव ने दावा करते हुए कहा कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि होगी। बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता कब्जा करने में जुटी है।
नए मुख्यमंत्री बनने को लेकर उन्होंने कहा कि यह तो अभी नहीं कहा जा सकता। इतना तय है कि नीतीश कुमार अब बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। बिहार में शिक्षा, किसान, बेरोजगारी को लेकर कोई बात नहीं हो रही है। जब सरकार स्थायी तौर पर नहीं रहेगी, तो कहां से विकास होगा। उन्होंने बताया कि केरल में भी प्रचार करने जाएंगे। वहां तीन सीटों पर राजद चुनाव लड़ रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 2:59 PM IST












