राजनीति: आगरा मेट्रो परियोजना में 25,000 पेड़ काटने का आरोप, भाजपा सांसद नवीन जैन ने कमिश्नर को लिखा पत्र

आगरा, 12 जून (आईएएनएस)। ताजनगरी आगरा में मेट्रो रेल के दूसरे चरण का निर्माण कार्य जोरों पर है, लेकिन इस बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन ने मेट्रो अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है। जैन ने आगरा के कमिश्नर को पत्र लिखकर दावा किया है कि मेट्रो रेल परियोजना के तहत अधिकारियों ने बिना अनुमति के लगभग 25,000 पेड़ काट दिए। उन्होंने इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नवीन जैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनके महापौर कार्यकाल (2017-2022) के दौरान आगरा में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत नगर निगम और सामाजिक संगठनों के सहयोग से टीटीजेड (ताज ट्रेपेजियम जोन) क्षेत्र में हजारों पेड़ लगाए गए थे।
जैन का आरोप है कि मेट्रो रेल परियोजना के लिए इनमें से 25,000 पेड़ों को बिना किसी वैध अनुमति के काट दिया गया। उन्होंने कहा, "आगरा ताजमहल का शहर है, जो अपनी हरियाली और सुंदरता के लिए जाना जाता है। पेड़ पर्यावरण के लिए जरूरी हैं, ये छाया, फल और पक्षियों को आश्रय देते हैं। बिना अनुमति पेड़ काटना गंभीर अपराध है।"
जैन ने अपने पत्र में मांग की है कि इस मामले की जांच हो और यह पता लगाया जाए कि पेड़ काटने की अनुमति किस अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा, "शहर की जनता को सच जानने का हक है। अगर अनुमति दी गई थी, तो वह किसके आदेश पर थी, यह सामने आना चाहिए।"
उनका कहना है कि टीटीजेड क्षेत्र में पेड़ों का कटान पर्यावरण के लिए हानिकारक है और यह आगरा की हरियाली को नष्ट कर रहा है।
दूसरी ओर, आगरा मेट्रो रेल परियोजना के अधिकारियों ने इन आरोपों का खंडन किया है। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि पेड़ों को काटने से पहले सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन किया गया और आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं। उन्होंने दावा किया कि परियोजना के लिए जरूरी न्यूनतम पेड़ ही हटाए गए और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैकल्पिक उपाय किए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2025 2:41 PM IST