ओडिशा मेट्रो पर बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की

ओडिशा मेट्रो पर बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की
बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने ओडिशा में मेट्रो परियोजना को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहरलाल खट्टर को पत्र लिखकर विस्तृत प्रस्ताव रखा है।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने ओडिशा में मेट्रो परियोजना को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहरलाल खट्टर को पत्र लिखकर विस्तृत प्रस्ताव रखा है।

सस्मित पात्रा ने आईएएनएस से कहा कि पुरी, खुर्दा, भुवनेश्वर और कटक जैसे अहम कॉरिडोर में मेट्रो प्रोजेक्ट शुरू होने से लोगों को काफी फायदा होगा और क्षेत्र का तेजी से विकास हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि इन चारों शहरों को जोड़ने वाला यह कॉरिडोर ओडिशा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि अगर किसी वजह से राज्य सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं है या मना करती है, तो केंद्र सरकार नेशनल अर्बन ट्रांसपोर्ट पॉलिसी और मेट्रो पॉलिसी 2017 के तहत हस्तक्षेप कर सकती है। इन नीतियों के तहत केंद्र और राज्य मिलकर इस प्रोजेक्ट को संयुक्त रूप से अपने हाथ में ले सकते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले में सक्रिय भूमिका निभाएगी और राज्य सरकार से बातचीत कर कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जाएगा। बीजद सांसद ने कहा कि फिलहाल ऐसा लगता है कि ओडिशा सरकार को केंद्र से पर्याप्त समर्थन नहीं मिल रहा है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि केंद्रीय मंत्री इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेंगे, जिससे राज्य के लोगों को मेट्रो परियोजना का लाभ मिल सके।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी सस्मित पात्रा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें कहा गया है कि अब अमेरिकी जनता चाहती है कि उनके सैनिकों को वापस बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि यह संकेत देता है कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष आने वाले दिनों में थम सकता है, जो एक बेहद सकारात्मक खबर है।

उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका अपने सैनिकों और सैन्य गतिविधियों को वापस लेता है और युद्ध रुकता है, तो इसका असर सिर्फ उस क्षेत्र पर ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि संघर्ष खत्म होने से स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खुल सकेगा, जहां फिलहाल 2,000 से ज्यादा जहाज फंसे हुए हैं। इससे तेल की कीमतों में गिरावट आएगी और महंगाई पर भी काबू पाया जा सकेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 12:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story