Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 May 2025 8:16 AM IST
राजस्थान के परिक्षेत्र में जातिगत जनगणना स्वागत योग्य कदम- जोगाराम पटेल
केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के फैसले का राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना भी साधा। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा, "जो भी निर्णय लिया जाता रहा है, कांग्रेस ने हमेशा विरोध किया जाता है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश का विकास हो, उसमें सहयोग करें। उसे मात्र विरोध करना है। भारत विभिन्न भौगोलिक परिक्षेत्र, विभिन्न भाषाओं और विभिन्न परिस्थितियों वाला देश है। यहां पर सबका साथ, सबका विकास करना चाहिए, जिसे जातिगत जनगणना के आधार पर देखा जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो निर्णय लिया, वह स्वागतयोग्य है।"
- 1 May 2025 8:12 AM IST
केंद्र सरकार का जातिगत जनगणना कराने का फैसला विपक्ष की जीत- फहाद अहमद
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) गुट के नेता फहाद अहमद ने केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के फैसले को विपक्ष की जीत बताया। एनसीपी (एसपी) नेता फहाद अहमद ने कहा, "सरकार का जातीय जनगणना कराने वाला फैसला विपक्ष की बहुत बड़ी जीत है। इंडिया गठबंधन का हिस्सा होने के नाते हम शुरू से जातीय जनगणना के पक्ष में थे। लेकिन ये फैसला जिस समय लिया गया है उसकी टाइमिंग को लेकर सवाल है। इस समय देश आतंकवाद के खिलाफ सरकार से कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है। आने वाले समय मे समाज के दबे कुचले लोगों को इसका फायदा मिलेगा।"
- 1 May 2025 8:02 AM IST
पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों को शांति और सद्भाव के लिए करेगी प्रेरित संयुक्त राष्ट्र में भारत
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा है कि पोप फ्रांसिस की विरासत सभी धर्मों के लोगों को शांति और सद्भाव के साथ जीने के लिए प्रेरित करेगी। मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक विशेष सत्र में पोप फ्रांसिस की स्मृति को सम्मानित करते हुए हरीश ने कहा कि उनका जीवन शांति, न्याय और मानवीय गरिमा के लिए समर्पित था। उन्होंने विशेष रूप से गरीबों और हाशिए पर रहने वालों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को याद किया, जो मानवता की सेवा में उनके अटूट विश्वास का प्रतीक है।
Created On :   1 May 2025 8:00 AM IST