Breaking News: आज की बड़ी खबरें 08 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 08 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव
08 अप्रैल 2026 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 8 April 2026 11:06 AM IST

    एफसी बायर्न म्यूनिख ने रियल मैड्रिड को 2-1 से हराया

    एफसी बायर्न म्यूनिख ने रियल मैड्रिड को चैंपियंस लीग क्वार्टरफाइनल के पहले लेग में 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की दिशा में मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। बायर्न के लिए लुइस डियाज और हैरी केन ने गोल किए, जबकि मैड्रिड की ओर से किलियन म्बाप्पे ने एकमात्र गोल दागा। मैच में बायर्न ने कई मौके बनाए और टीम को महसूस होगा कि वह बड़े अंतर से जीत सकती थी। मैड्रिड के कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने युवा मिडफील्डर थियागो पिटार्च को मौका दिया, जबकि ट्रेंट अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड और अल्वारो कैरेरास को फुलबैक के रूप में उतारा। वहीं बायर्न को केन की फिटनेस से बड़ी मजबूती मिली।

  • 8 April 2026 10:50 AM IST

    'हम गलतियों से सीखेंगे और प्रतिष्ठा वापस लाएंगे', पहली बैठक में बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल का ऐलान

    बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने मंगलवार को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बोर्ड की एड-हॉक कार्यकारी कमेटी के साथ अपनी पहली आधिकारिक बैठक की। तमीम इकबाल ने नई बनी एड-हॉक कमेटी से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए बोर्ड की विश्वसनियता को वापस लाने की जरूरत पर जोर दिया। इकबाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मुझे यकीन है कि आप सभी समझते हैं कि पिछले डेढ़ साल में क्रिकेट की प्रतिष्ठा को जो नुकसान हुआ है, उसे मिलकर ठीक करना होगा।" उन्होंने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट में फिर से गर्व जगाने की मिली-जुली जिम्मेदारी निभानी होगी। हम अच्छा प्रदर्शन करें या न करें, इस पर आलोचना होगी, लेकिन यहां कोई नहीं चाहता कि क्रिकेट अभी अपने सबसे बुरे दौर में रहे। हम हमेशा चाहते हैं कि क्रिकेट गर्व का जरिया बने। जो लोग बीसीबी में काम करते हैं या कर चुके हैं, उन्हें यह कहते हुए गर्व होना चाहिए कि वे यहां काम करते हैं। मुझे नहीं पता कि पिछले डेढ़ साल में जो हुआ उसे कैसे देखा जाए, लेकिन हमें अपने पुराने गौरव को वापस लाना होगा।

  • 8 April 2026 10:37 AM IST

    अजित पवार के विमान हादसे को लेकर भ्रामक वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

    महाराष्ट्र के जालना जिले के एक युवक को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की छवि धूमिल की गई है और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान दुर्घटना के संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाई गई है। पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस विभाग की साइबर सेल ने आरोपी की पहचान उद्धव भगवान काप्से के रूप में की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया। बांद्रा की एक स्थानीय अदालत ने आरोपी को 10 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुंबई पुलिस के अनुसार, काप्से द्वारा अपलोड किए गए आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर हटाए जाने से पहले लगभग 1.5 लाख बार देखा गया था। जांच में पता चला कि वीडियो में मुख्यमंत्री को निशाना बनाते हुए भ्रामक और आपत्तिजनक कंटेंट था। साथ ही, विमान दुर्घटना से संबंधित तथ्यों को भी गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया था।

  • 8 April 2026 10:32 AM IST

    एनसीआर में वर्षों बाद ‘ग्रीन जोन’ में पहुंचा एक्यूआई, बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना, येलो अलर्ट जारी

    राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को वर्षों बाद साफ और ताजी हवा का अनुभव हो रहा है। लगातार हो रही बारिश, आंधी और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। कई इलाकों में एक्यूआई ‘ग्रीन जोन’ और ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे लोगों को पहाड़ों जैसी ताजगी का एहसास हो रहा है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में एक्यूआई काफी बेहतर स्थिति में दर्ज किया गया। अलीपुर में एक्यूआई 83, आनंद विहार में 112, अशोक विहार में 86, बवाना में 89, बुराड़ी क्रॉसिंग में 75, कैंटोनमेंट एरिया में 72 और चांदनी चौक में 104 दर्ज किया गया।

  • 8 April 2026 10:00 AM IST

    राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायली पीएम नेतन्याहू से ईरान संग युद्धविराम पर की बात व्हाइट हाउस

    अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के युद्धविराम पर सहमति बनी है। इजरायल ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की थी, जिसके बाद ईरान के साथ युद्धविराम ढांचे पर समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया।

  • 8 April 2026 9:54 AM IST

    ईरान पर हमलों में विराम के बाद व्हाइट हाउस ने कहा-अमेरिका की जीत

    व्हाइट हाउस ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान को “जीत” करार दिया है और कहा कि सैन्य उपलब्धियों ने कूटनीतिक बातचीत के लिए रास्ता बनाया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हमलों पर विराम लगाने के आदेश के बाद यह बयान जारी किया गया।

  • 8 April 2026 9:40 AM IST

    तमिलनाडु के कई हिस्सों में बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना

    तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही कुछ स्थानों पर गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे चल रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

  • 8 April 2026 9:33 AM IST

    ईरान के साथ युद्धविराम पर इजरायल भी सहमत, प्रधानमंत्री बेंजामिन बोले- सीजफायर लेबनान पर लागू नहीं

    ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम की घोषणा के बीच इजरायल की लड़ाई लेबनान के मोर्च पर जारी रह सकती है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि यह दो हफ्तों का संघर्ष-विराम लेबनान पर लागू नहीं होता है। हालांकि, ईरान के साथ युद्धविराम इजरायल भी सहमति व्यक्त की है।


  • 8 April 2026 9:20 AM IST

    मुंबई इंडियंस के लिए बुरा सपना साबित हो रहे हैं विपक्षी टीमों के मैदान, पिछले 25 मैचों के आंकड़े चौंकाने वाले

    इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस (एमआई) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) दो ऐसी टीमें हैं जिनके पास 5-5 बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड है। फिलहाल ये दोनों ही टीमें बुरे दौर से गुजर रही हैं। सीएसके की बात फिर कभी, इस लेख में हम मुंबई इंडियंस की बात करेंगे जिसके लिए आईपीएल 2023 से विपक्षी टीमों का घरेलू मैदान किसी बुरे स्वप्न से कम नहीं रहा है।


  • 8 April 2026 9:10 AM IST

    ईरान युद्धविराम की घोषणा ट्रंप के फैसले पर अमेरिका में मिली-जुली प्रतिक्रिया

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के संघर्ष-विराम की घोषणा ने अमेरिकी राजनीतिक हलकों में तीखी और बंटी हुई प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं। कुछ लॉमेकर्स कूटनीति का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ ने इसे लेकर सचेत रहने के लिए कहा है।


Created On :   8 April 2026 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story