Breaking News: आज की बड़ी खबरें 09 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 Oct 2025 1:00 AM IST
राष्ट्रीय महिला आयोग 13 अक्टूबर को बेंगलुरु में महिलाओं की जन सुनवाई आयोजित करेगा
महिलाओं के मुद्दों को जमीनी स्तर पर सुलझाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) बेंगलुरु में 'राष्ट्रीय महिला आयोग- आपके द्वार'- महिला जन सुनवाई का आयोजन कर रहा है। इस जन सुनवाई का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित लंबित मामलों का समाधान करना और उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करना है।
- 10 Oct 2025 12:42 AM IST
केसीसी फिश टैंक घोटाला मामला आईडीबीआई को 56 करोड़ की संपत्ति वापस
प्रवर्तन निदेशालय, विशाखापत्तनम उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) फिश टैंक मामले में आईडीबीआई बैंक को 56.13 करोड़ रुपए की संपत्ति बहाल कर दी है। ईडी ने गुरुवार को बताया कि उसने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2022 के तहत 56.13 करोड़ रुपए की संपत्तियों को आईडीबीआई बैंक को वापस करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
- 10 Oct 2025 12:18 AM IST
महिला विश्व कप ऋचा घोष पर भारी पड़ी नादिन डी क्लर्क की पारी, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराया
महिला विश्व कप 2025 के बेहद अहम मुकाबले में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम द्वारा दिए 252 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 48.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
- 9 Oct 2025 11:43 PM IST
बांग्लादेश बिगड़ते मानवाधिकार संकट के बीच पिछले एक साल में 111 लोगों की हत्या
बांग्लादेश में पिछले एक साल में भीड़ के हमलों में कम से कम 111 लोग मारे गए हैं। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों ने गुरुवार को देश भर में बढ़ते मानवाधिकार संकट पर चर्चा की। 'संक्रमण में मानवाधिकार': विद्रोहोत्तर बांग्लादेश में जवाबदेही, संस्थाएं और नाजुकता' शीर्षक से आयोजित एक गोलमेज चर्चा के दौरान, कई विद्वानों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और अधिकार रक्षकों ने देश में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल संस्थागत सुधार और अधिक जवाबदेही का आग्रह किया।
- 9 Oct 2025 11:08 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी ने गाजा शांति समझौते पर ट्रंप को दी बधाई, भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता की समीक्षा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की और उन्हें 'ऐतिहासिक' गाजा पीस प्लान की सफलता पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता में हुई 'अच्छी प्रगति' के बारे में भी बात की।
- 9 Oct 2025 10:32 PM IST
कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता के लिए बधाई दी
भारत यात्रा के दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भारत के नेतृत्व और दूरदर्शिता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व के लिए बधाई देना चाहता हूं, जिसका लक्ष्य 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है। आपका विकासशील भारत का विजन इसे 2047 तक पूरी तरह से विकसित देश बनाना है।
- 9 Oct 2025 9:58 PM IST
अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी मामला ईडी ने 50 करोड़ रुपए से अधिक का सोना किया जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु जोनल कार्यालय ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के माध्यम से जनता को धोखा देने के मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने दो लॉकरों से 50 करोड़ रुपए का सोना जब्त किया।
- 9 Oct 2025 9:29 PM IST
ऊटी में 30 मिनट की तेज बारिश से जलमग्न हुई सड़कें, जाम में फंसे रहे लोग
तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन ऊटी में गुरुवार शाम अचानक हुई 30 मिनट की तेज बारिश ने शहर की तस्वीर बदल दी। शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुई इस मूसलाधार बारिश ने देखते ही देखते सड़कों को नदी में बदल दिया। ऊटी का मुख्य इलाका चारिंग क्रॉस पूरी तरह जलमग्न हो गया। यहां स्थित एक पेट्रोल पंप भी तालाब जैसा नजर आने लगा।
- 9 Oct 2025 8:59 PM IST
बंधकों को वापस लाने वाले इजरायली अभियान का नाम 'रिटर्न टू देयर बॉर्डर'
इजरायल-हमास शांति ढांचे के पहले चरण पर सहमत हो गए हैं। इसके तहत बंधकों की रिहाई होनी है। पूरा इजरायल उत्साहित है। बंधकों को सुरक्षित वापिस लाने की तैयारी जोरों पर है। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अभियान को एक नाम भी दिया है और वो 'रिर्टन टू देयर बॉर्डर' है।
- 9 Oct 2025 8:30 PM IST
एशियाई एक्वेटिक्स चैंपियनशिप महिला वाटर पोलो क्वार्टर फाइनल में भारत चीन से 6-34 से हारा
वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 11वीं एशियाई एक्वेटिक्स चैंपियनशिप के छठे दिन गुरुवार को वाटर पोलो स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला टीम को चीन ने 6-34 से हरा दिया। चीन ने खेल के पहले क्वार्टर में ही बढ़त बना ली और महिला क्वार्टर फाइनल में भारत पर 6-34 से शानदार जीत हासिल की। ली पेयांग, ली लिनयुन, और ली जियान्यु ने सात-सात गोल दागे और पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया।
Created On :   9 Oct 2025 8:00 AM IST












