Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 Sept 2025 11:10 AM IST
चंबा पार्किंग रेट से ज्यादा शुल्क वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई, एसडीएम का ऐलान
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला मुख्यालय में अब पार्किंग ठेकेदारों द्वारा तय रेट से ज्यादा शुल्क वसूलने पर प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा। एसडीएम प्रियांशु खाती ने बुधवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्किंग मालिक या ठेकेदार निर्धारित दर से अधिक पैसे लेता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पार्किंग सुविधा आम लोगों के लिए बनाई गई है, न कि उन पर अतिरिक्त बोझ डालने के लिए। इसलिए, सभी पार्किंग स्थानों पर तय दरें साफ-साफ लिखी जाएंगी, ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई ठेकेदार या मालिक निर्धारित रेट से ज्यादा शुल्क मांगे, तो तुरंत इसकी शिकायत प्रशासन से करें।
- 10 Sept 2025 11:00 AM IST
एशेज सीरीज की तैयारी में जुटे कमिंस, चोट से वापसी के लिए समयसीमा तय की
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज से पहले अपनी फिटनेस साबित करना चाहते हैं, उन्होंने बॉलिंग क्रीज पर वापसी के लिए समयसीमा तय की है। जुलाई में कैरेबियन दौरे में खेलने के बाद से पैट कमिंस कमर दर्द से जूझ रहे हैं। उनकी हालिया स्कैन रिपोर्ट में प्रभावित हिस्से में लंबर बोन स्ट्रेस की पुष्टि हुई है। कमिंस को आराम की जरूरत है, लेकिन दौड़ने या गेंदबाजी करने में कोई दिक्कत नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जानते हैं कि उन्हें एशेज सीरीज से पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 21 नवंबर से होगी। कमिंस को उम्मीद है कि एशेज की शुरुआत से लगभग चार से छह हफ्ते पहले वह दोबारा गेंदबाजी शुरू कर पाएंगे।
- 10 Sept 2025 10:53 AM IST
भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, हिंसक प्रदर्शन के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
नेपाल में पिछले दो दिनों से हो रहे हिंसक प्रदर्शन के चलते केंद्रीय एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। आगाह किया गया है कि उपद्रवी तत्व इस अशांति का फायदा उठाकर पड़ोसी भारतीय राज्यों में हिंसा भड़का सकते हैं। खुफिया सूत्रों ने चेतावनी दी है कि नेपाल के अशांत माहौल का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सीमावर्ती भारतीय राज्यों में हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस खुफिया जानकारी के बाद उत्तराखंड पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, बिहार पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सहित भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा पर कानून-व्यवस्था के किसी भी संभावित उल्लंघन को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया गया है।
- 10 Sept 2025 10:40 AM IST
औरंगाबाद राजधानी ट्रेन दुर्घटना की 23वीं बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि
बिहार के औरंगाबाद जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के रफीगंज रेलवे स्टेशन से चार किलोमीटर पश्चिम धावा नदी के रेलवे पुल पर 23 वर्ष पहले 9 सितंबर 2002 को रात 10:45 बजे हुई राजधानी ट्रेन दुर्घटना की 23वीं बरसी पर मृत यात्रियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस हादसे में सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी, जिसकी यादें आज भी स्थानीय लोगों के जेहन में बरकरार हैं। इस बार भी रेल कर्मचारियों और समाजसेवियों ने धावा नदी के पास रेलवे ट्रैक की पूजा-अर्चना की और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। 9 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे धावा नदी के रेलवे पुल पर रेल कर्मचारियों और समाजसेवियों ने एकत्रित होकर रेलवे ट्रैक की पूजा की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि ऐसी घटना दोबारा न हो।
- 10 Sept 2025 10:22 AM IST
नेपाल हिंसक प्रदर्शन काठमांडू में फंसे भारतीय नागरिक, जर्मन पर्यटक ने कहा- 'मारे जा रहे निर्दोष लोग'
नेपाल में चल रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच काठमांडू में कई भारतीय और विदेशी पर्यटक फंस गए हैं। हिंसा को देखते हुए नागरिकों ने भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि यहां स्थिति बहुत तनावपूर्ण है और हम बेहद डरे हुए हैं।
- 10 Sept 2025 10:06 AM IST
जमात-ए-इस्लामी हिंद ने कतर पर इजरायली हमले की निंदा की, कहा- यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
जमात-ए-इस्लामी हिंद ने कतर की राजधानी दोहा में एक आवासीय इमारत पर इजरायली हमले पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। जमात-ए-इस्लामी हिंद ने कहा है कि यह कतर की संप्रभुता, अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय मर्यादा के हर सिद्धांत का घोर उल्लंघन है।
- 10 Sept 2025 9:52 AM IST
राहुल गांधी का रायबरेली दौरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले- 'कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात'
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
- 10 Sept 2025 9:49 AM IST
नेपाल में अशांति के बीच गुजरात सरकार सतर्क, फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास तेज
नेपाल में अशांति और हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच गुजरात सरकार ने वहां फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर रुख अपनाया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और वहां मौजूद गुजराती नागरिकों की कुशलता व सुरक्षित वापसी के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
- 10 Sept 2025 9:21 AM IST
एशिया कप दुबई में भारत-यूएई का मुकाबला, जानिए कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम बुधवार से अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। टीम इंडिया का पहला मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यूएई से होगा। भारत-यूएई के बीच टी20 क्रिकेट के इतिहास में अब तक सिर्फ एक ही मैच खेला गया है, जिसमें टीम इंडिया ने 9 विकेट से जीत दर्ज की थी।
- 10 Sept 2025 9:13 AM IST
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख की सदस्य देशों से अपील, 'सैन्य खर्च और विकास जरूरतों में बनाएं संतुलन'
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सदस्य देशों से सैन्य खर्च और विकास संबंधी प्राथमिकताओं में संतुलन बनाने का आह्वान किया है। एंटोनियो गुटेरेस ने बताया कि 2024 में वैश्विक सैन्य खर्च रिकॉर्ड 2.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो दुनिया के सबसे धनी देशों द्वारा दी जाने वाली आधिकारिक विकास सहायता से लगभग 13 गुना है।
Created On :   10 Sept 2025 8:00 AM IST