Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 11 Jun 2025 12:25 PM IST
अब जिला परिषद स्कूल के छात्र पढ़ेंगे एआई , बनेंगे डिजिटल स्टूडेंट
जिला परिषद के स्कूल ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां गरीब छात्र शिक्षा प्राप्त करते हैं। हालांकि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव के कारण पिछले कुछ वर्षों में स्कूलों में छात्रों की संख्या घटती जा रही है। इसलिए, जिला परिषद ने निजी स्कूलों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए स्कूलों को डिजिटल करने के साथ-साथ छात्रों के लिए नवीन उपक्रम शुरू किए हैं। अब ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से परिचित कराने और उन्हें इसके पाठ पढ़ाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जिला परिषद ने खनिज प्रतिष्ठान को 1 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है।
- 11 Jun 2025 12:21 PM IST
जयपुर में जीप-ट्रक की टक्कर, दुल्हन समेत पांच की मौत
राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दुल्हन समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना सुबह करीब 6:10 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने मध्य प्रदेश के शहडोल से लौट रहे बारातियों से भरी जीप को टक्कर मार दी।
- 11 Jun 2025 12:15 PM IST
लालू यादव ने जन्मदिन पर काटा 78 पाउंड का केक, कार्यकर्ताओं में उत्साह, बैंड-पार्टी के साथ बधाई देने पहुंचे कार्यकर्ता
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव बुधवार को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। पार्टी के सुप्रीमो के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। राजद इस अवसर को ‘सामाजिक सद्भावना दिवस’ के रूप में मना रहा है। बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता अपने नेता लालू यादव को जन्मदिन की बधाई देने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पहुंच रहे हैं।
- 11 Jun 2025 12:11 PM IST
भाजपा ने गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित
उत्तर प्रदेश गोंडा के भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ पार्टी कार्यालय में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पार्टी ने बुधवार को उन्हें निष्कासित कर दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने एक पत्र जारी कर इसकी सूचना दी है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि अमर किशोर कश्यप को 25 मई को एक पत्र जारी किया गया था। आप अपना स्पष्टीकरण भाजपा प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं। आप की ओर से भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है। आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। सम्यक विचारोपरांत प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
- 11 Jun 2025 12:05 PM IST
केंद्र सरकार बताए भारत-पाक सीजफायर में डोनाल्ड ट्रंप की क्या भूमिका थी संजय राउत
भारत-पाक सीजफायर को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब तक सरकार की ओर से यह नहीं बताया गया है कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में सीजफायर नहीं हुआ था।
- 11 Jun 2025 12:00 PM IST
जिपं सीईओ ने समग्र ई-केवायसी सत्पायन कार्य में लापरवाही पर सचिव एवं जीआरएस के विरूद्ध की कार्यवाही
शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में हितग्राहियों को आगामी दिवसों में पारदर्शी तरीके से शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए समग्र ई-केवायसी सत्यापन का कार्य संचालित है। इसकी शासन स्तर से निरंतर समीक्षा भी की जा रही है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी द्वारा इस संबंध में समस्त ग्राम पंचायतों को शत् प्रतिशत ई-केवायसी सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
- 11 Jun 2025 11:50 AM IST
बीजेपी ने गोण्डा के जिलाध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित किया
यूपी में बीजेपी ने बड़ा एक्शन लेते हुए गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पिछले दिनों अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने उनसे जवाब मांगा था। बीजेपी का कहना है कि कश्यप का जवाब संतोषजनक नहीं है इसलिए यह एक्शन लिया गया।
- 11 Jun 2025 11:40 AM IST
गोंडा चीनी मिल ने नहीं किया गन्ना मूल्य का भुगतान
चीनी व शीरा की बिक्री करने के बावजूद किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान न करने पर कुंदुरुखी चीनी मिल के यूनिट हेड समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा कराया गया है। गन्ना समिति गोंडा के सचिव ने एक अरब 87 करोड़ रुपये की बकायेदारी को लेकर मुकदमा कराया है।
- 11 Jun 2025 11:30 AM IST
गोरखपुर भाजपा के महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव का निधन
भाजपा के महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव का बुधवार की सुबह हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। पहले सवित्री अस्पताल और फिर जिला अस्पताल से निधन की पुष्टि होने के बाद उनके शव को रामदत्तपुर स्थित आवास पर लाया गया है।
- 11 Jun 2025 11:20 AM IST
चांदी की कीमत फिर बढ़ी
भारतीय सर्राफा बाजार में गोल्ड और सिल्वर दोनों ही ही कीमतों में लगातार उतार- चढ़ाव देखने को मिलता है। लेकिन, आज चांदी के भाव में एक बार फिर से तेजी देखने को मिली है। इसमें बीते दिन की अपेक्षा करीब 1000 रुपए प्रति किलोग्राम तक की तेजी देखने को मिली है। जिसके बाद अधिकांश शहरों में आज सिल्वर 1,09,100 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है।
Created On :   11 Jun 2025 8:00 AM IST