Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 14 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
14 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 15 Aug 2025 12:54 AM IST

    86 गैलेंट्री अवॉर्ड का हुआ ऐलान, ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी ठिकानों को तबाह करने वाले 9 फाइटर पायलट-ऑफिसर को मिला वीर चक्र

    स्वातंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी और साहस दिखाने वाले आर्म्ड फोर्स के 86 जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड देने का ऐलान हुआ है। वायुसेना के 52 जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। एयरफोर्स के 9 ऑफिसर को वीर चक्र दिया गया है। इनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों तबाह करने वाले फाइटर पायलट भी शामिल हैं।

  • 15 Aug 2025 12:46 AM IST

    किश्तवाड़ हादसे में अब तक 52 की मौत, 200 से ज्यादा लोग लापता

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में गुरुवार को बादल फटने की वजह से हुए हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया है। अब तक 52 शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 200 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। 

  • 15 Aug 2025 12:21 AM IST

    वृंदावन में संत प्रेमानंद जी महाराज से मिले राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी, किडनी दान करने की जताई इच्छा

    बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात के दौरान, राज कुंद्रा ने संत को अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा व्यक्त की।

    शिल्पा शेट्टी और राज ने प्रेमानंद महाराज से बातचीत की। इसी दौरान, राज कुंद्रा ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे संत के लिए अपनी किडनी देने का प्रस्ताव रखा। हालांकि, प्रेमानंद महाराज ने इस प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार करते हुए कहा, "आप स्वस्थ रहें, यही मेरे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।"

  • 15 Aug 2025 12:09 AM IST

    राहुल गांधी के पेश किए हुए तथ्य देखकर सरकार और चुनाव आयोग हिल गए - गुलाम अहमद मीर

    कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा, "SIR मुद्दा तो है, लेकिन आज मूल मुद्दा ये है कि जब भाजपा या मोदी सरकार को हार का डर लगता है, तो वे दो फॉर्मूले अपनाते हैं, कभी वोट काटकर अपना रास्ता निकालते हैं और कभी वोट जोड़कर अपना रास्ता निकालते हैं। अब राहुल गांधी ने काफ़ी रिसर्च करके तथ्य पेश किए... अब तथ्य सामने आने के बाद भाजपा और चुनाव आयोग हिल गए हैं। हमारा काम इन रैलियों के ज़रिए देश को बताना है... जिस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है, उसे योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा?... हमारा सवाल ये है कि ये 65 लाख लोग एक साल पहले ही लोकसभा चुनाव में वोट दे चुके हैं, तो 12 महीनों में ऐसा क्या हो गया कि विधानसभा चुनाव में इतने लोगों के नाम काटे जा रहे हैं... अगर ये करना ही था, तो लोकसभा चुनाव से पहले किया जाना चाहिए था... वोट देना लोगों का अधिकार है और ये उन्हें मिलना चाहिए।"

  • 14 Aug 2025 11:38 PM IST

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित किया

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, "स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आप सभी को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि स्वाधीनता दिवस और गणतंत्र दिवस सभी भारतीय उत्साह और उमंग के साथ मनाते हैं। यह दिवस हमें भारतीय होने के गौरव का विशेष स्मरण करवाता है। 15 अगस्त की तारीख, हमारी सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित है। औपनिवेशिक शासन की लंबी अवधि के दौरान अनेक पीढ़ियों ने ये सपना देखा था कि एक दिन देश स्वाधीन होगा। देश के हर हिस्से में रहने वाले पुरुष और महिलाएं, बूढ़े और जवान विदेशी शासन की बेड़ियों को तोड़ फेंकने के लिए व्याकुल थे... कल जब हम अपने तिरंगे को सलामी दे रहे होंगे तो हम उन सभी स्वाधीनता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे जिनके बलिदान के बल पर 78 साल पहले 15 अगस्त के दिन भारत ने स्वाधीनता हासिल की थी..."

  • 14 Aug 2025 10:48 PM IST

    BSF के मोहम्मद इम्तियाज और दीपक चिंगाखम को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया

    सीमा सुरक्षा बल (BSF) के उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज और कांस्टेबल दीपक चिंगाखम को विपरीत परिस्थितियों में उनके असाधारण साहस और निस्वार्थ नेतृत्व के लिए मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। 

  • 14 Aug 2025 10:14 PM IST

    यह वोटो की चोरी नहीं बल्कि डकैती हो रही है - दिग्विजय सिंह

    कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने SIR के मुद्दे पर कहा, "यह वोटों की चोरी नहीं बल्कि डकैती हो रही है... बात जीतने या हारने की नहीं है। हम जो प्रमाण दे रहे हैं उस पर कार्रवाई होनी चाहिए... चुनाव आयोग का पक्ष चुनाव आयोग को रखना चाहिए। भाजपा उनकी वकील है क्या?..."

  • 14 Aug 2025 9:36 PM IST

    देश में वोट चोरी हुई है, लोकतंत्र के नाम पर लूटा गया है - पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा

    पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने SIR के मुद्दे पर कहा, "आज हम 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे के साथ देश भर के अपने जिला मुख्यालयों से कैंडल मार्च निकाल रहे हैं। देश में वोट चोरी हुई है, लोकतंत्र के नाम पर लूटा गया है, देश के संविधान को तोड़ने का प्रयास किया गया है। चोरी पकड़ी गई, राहुल गांधी ने पूरी दुनिया के सामने बताया है कि कैसे एक विधानसभा में 1 लाख 14 हजार वोटों की चोरी की गई है। हम इस मुद्दे को लेकर पूरे देश भर में जा रहे हैं। बिहार में 65 लाख लोगों को मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया, महाराष्ट्र में 70 लाख नए मतदाता बना दिए गए हैं। हम इसके खिलाफ हैं और आज कांग्रेस पूरे पंजाब में कैंडल मार्च निकाल रही है... हमारी ये लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक हम इन चोरों को पकड़ नहीं लेते और जेल की सलाखों के पीछे नहीं भेज देते।"

  • 14 Aug 2025 8:56 PM IST

    चुनाव आयोग धीरे-धीरे बेनकाब होगा - प्रताप सिंह बाजवा

    पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है और चुनाव आयोग को 65 लाख वोट काटने का कारण बताने का निर्देश दिया है। चुनाव आयोग धीरे-धीरे बेनकाब होगा। कागजों पर जिन लोगों को मृत बताया गया उन्हें कल राहुल गांधी ने चाय पर बुलाया गया था। मुझे आश्चर्य है कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, भाजपा नेतृत्व ने इस पर कुछ नहीं कहा... हमारी लड़ाई लोकतंत्र को बचाने के लिए है। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने अपने प्राणों का बलिदान इसलिए नहीं दिया ताकि भविष्य में वोटों की चोरी की जाए।"

  • 14 Aug 2025 8:33 PM IST

    त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीजेपी को जीत मिलने पर सीएम धामी ने जताई खुशी

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को अपना अभूतपूर्व समर्थन देने के लिए मैं प्रदेश की जनता का हृदय की गहराईयों से आभार प्रकट करता हूं। जिला पंचायत के घोषित हुए 11 परिणामों में से 10 में भाजपा को सफलता प्राप्त हुई है और उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में 89 ब्लॉक प्रमुख के प्रत्याशियों में से 61 प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दिया है... हम दिन-रात काम करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे... पिछले दिनों धराली समेत प्रदेश के अन्य स्थानों पर जो आपदा आई है, उस आपदा के कारण से हम अपने जीत के जश्न को सादगी पूर्ण तरीके से मनाएंगे क्योंकि इस समय हमारे लिए सेवा ही संकल्प का माध्यम होना चाहिए..."

Created On :   14 Aug 2025 8:09 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story