Breaking News: आज की बड़ी खबरें 17 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 17 Oct 2025 9:41 AM IST
सबरीमाला सोना चोरी मामला एसआईटी ने मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को किया गिरफ्तार, अदालत में किया जाएगा पेश
सबरीमाला सोना चोरी मामले की जांच मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी की गिरफ्तारी के साथ एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गई है। पोट्टी को राज्य की राजधानी स्थित अपराध शाखा कार्यालय में 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
- 17 Oct 2025 9:16 AM IST
ईडी ने यूट्यूबर एल्विश यादव और गायक फाजिलपुरिया पर वन्यजीव अपराध और धन शोधन का आरोप लगाया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूट्यूबर एल्विश यादव और गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ ऑनलाइन सामग्री में संरक्षित वन्यजीवों के अवैध उपयोग से जुड़े धन शोधन मामले में आरोप पत्र दायर किया है। गुरुग्राम स्थित एक विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में 13 अक्टूबर को पेश किए गए आरोप-पत्र में चार आरोपियों के नाम हैं। इनके नाम एल्विश यादव (28), फाजिलपुरिया (35), स्काई डिजिटल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और इसके निदेशक गुरकरण सिंह धालीवाल हैं। अदालत ने अभी तक शिकायत का औपचारिक संज्ञान नहीं लिया है।
- 17 Oct 2025 9:08 AM IST
रमा एकादशी पर भांग से हुआ बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार, दर्शन के लिए लगा भक्तों का तांता
शुक्रवार को देश भर में कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की रमा एकादशी मनाई जा रही है। एकादशी का मुहूर्त गुरुवार से शुरू हो गया था और शुक्रवार को 11 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। रमा एकादशी के खास मौके पर उज्जैन के बाबा महाकाल का भांग से श्रृंगार किया है। भांग से बाबा के त्रिनेत्र बनाए गए और दर्शन करने के लिए मंदिर में भक्तों की भीड़ मंदिर में देखी गई।
- 17 Oct 2025 9:04 AM IST
महिला वनडे इतिहास में वगैर विकेट गंवाए हासिल किए गए 5 सर्वोच्च लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया ने विशाखापत्तनम में गुरुवार को खेले गए महिला विश्व कप 2025 के मुकाबले में 10 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला वनडे इतिहास में पूरे 10 विकेट शेष रहते दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य को हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।
- 17 Oct 2025 8:49 AM IST
बिहार चुनाव राघोपुर में तेजस्वी यादव को तीसरे नंबर पर धकेल देंगे- प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को दावा किया कि वे राघोपुर से इस विधानसभा चुनाव में राजद नेता तेजस्वी यादव को तीसरे नंबर पर धकेल देंगे। उन्होंने महागठबंधन में सीटों को लेकर चल रहे खींचतान के बारे में कहा कि महागठबंधन को तो पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि वीआईपी के मुकेश सहनी उनके साथ हैं या नहीं। बिना एक भी सीट पर चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा किए, उन्होंने डिप्टी सीएम बनने का दावा कर दिया है। मूल बात यह है कि इस बार महागठबंधन ने खुलकर करोड़ों रुपए में टिकटों की बिक्री की है। कई जगहों पर महागठबंधन के दो-दो दलों ने उम्मीदवार दे दिए हैं।
- 17 Oct 2025 8:47 AM IST
बाहरी नेताओं पर निर्भर है भाजपा, योगी पहले यूपी संभालें, फिर बिहार आएं- आनंद दुबे
बिहार विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं विपक्षी दलों ने सत्तारूढ़ गठबंधन पर कड़ा प्रहार किया है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि भाजपा के पास भले ही योगी आदित्यनाथ जैसे प्रभावशाली नेता हों, लेकिन इंडिया गठबंधन में भी उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी जैसे मजबूत चेहरे हैं जो जनता के बीच जाएंगे।
- 17 Oct 2025 8:46 AM IST
अमेरिकी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने एच-1बी वीजा को लेकर ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर किया
अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन ‘यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स’ ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर किया है। यह मुकदमा एच-1बी वीजा आवेदन शुल्क को लेकर है, जिसे सरकार ने एक लाख डॉलर तय किया है। चैंबर का कहना है कि यह शुल्क “गैरकानूनी” है और इससे अमेरिकी कंपनियों को भारी नुकसान होगा।
- 17 Oct 2025 8:20 AM IST
संजय उपाध्याय का विपक्ष पर निशाना, कहा- जनादेश खत्म, अब हताशा में मुद्दे खोज रहा विपक्ष
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता संजय उपाध्याय ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी के लिए अहमदाबाद का नाम प्रस्तावित किए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का भारत में स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह हमारे बढ़ते वैश्विक प्रभाव और तैयारियों को दर्शाता है।
- 17 Oct 2025 8:10 AM IST
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी- दीपिका पांडेय सिंह
झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। एनडीए के '400 पार' जैसे दावों को जनता ने पहले ही नकार दिया है।
Created On :   17 Oct 2025 8:00 AM IST