Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 19 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
  • 19 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 19 Aug 2025 6:00 PM IST

    बर्थडे स्पेशल हिंदी सिनेमा का ‘रणतुंगा’, जिसने किरदारों के लिए खुद को बदल डाला

    फिल्म इंडस्ट्री के वर्सेटाइल एक्टर का नाम लें तो रणदीप हुड्डा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। रणदीप न केवल अपनी शानदार एक्टिंग स्किल बल्कि किरदारों के लिए किए बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के लिए भी जाने जाते हैं। रणदीप के इस पैशन ने उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान दी है। चाहे वह ‘सरबजीत’ में कमजोर और प्रताड़ित किरदार हो या ‘जाट’ में खतरनाक खलनायक की भूमिका हो, रणदीप ने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और बदलते अंदाज से दर्शकों को बार-बार चौंकाया है।

  • 19 Aug 2025 5:50 PM IST

    सुरों से दिल को सुकून पहुंचाने वाले शंकर महादेवन जल्द कराएंगे पेट पूजा, रेस्त्रां चेन का नाम भी फाइनल

    मशहूर गायक और संगीतकार शंकर महादेवन अब मुंबई में रेस्त्रां श्रृंखला शुरू करने जा रहे हैं। ये रेस्त्रां मशहूर लेखक आर. के. नारायण के काल्पनिक शहर 'मालगुडी' से प्रेरित होंगे। रेस्त्रां मुंबई के प्रसिद्ध इलाकों जैसे चेम्बूर, बोरीवली और लोअर परेल में खोले जाएंगे। हाल ही में कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान अपने यूट्यूब चैनल के लिए शंकर महादेवन के घर गई थीं। वहां उन्होंने शंकर महादेवन की पत्नी संगीता शंकर महादेवन और उनके बेटे सिद्धार्थ और शिवम से मुलाकात की। इस दौरान शंकर ने अपने खाना पकाने के कौशल का प्रदर्शन किया और मेहमानों के लिए पोटली प्रॉन और थेचा बनाया।

  • 19 Aug 2025 5:40 PM IST

    झारखंड पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईवे निर्माण में लेवी मांगने वाले 4 अपराधी गिरफ्तार

    झारखंड के पलामू जिले में इन दिनों नेशनल हाईवे का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसी बीच कुछ अपराधी ठेकेदारों और मजदूरों से जबरन लेवी की मांग कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्तौल (एक देशी और एक विदेशी), 50 राउंड जिंदा गोली, तीन चोरी की बाइक, चार मोबाइल और रंगदारी में वसूले गए 22 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।

  • 19 Aug 2025 5:30 PM IST

    वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, शेफाली वर्मा को नहीं मिला मौका

    महिला वर्ल्ड कप 2025 के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया गया है। वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शेफाली वर्मा अपनी जगह नहीं बना सकीं। टीम इंडिया की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। शानदार प्रदर्शन के चलते प्रतिका रावल और हरलीन देओल को विश्व कप टीम में स्थान मिला है। इनके अलावा रेणुका सिंह भी टीम में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। सेलेक्टर्स ने क्रांति गौड़ और श्री चरणी को भी इस टीम में मौका दिया गया है, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।

  • 19 Aug 2025 5:16 PM IST

    देश 2047 और ओडिशा 2036 में हो जाएगा विकसित; सरकार की हर संभव मदद के लिए तैयार राज्य कनक वर्धन सिंह देव

    ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने मंगलवार को कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए 2047 तक का लक्ष्य रखा गया है और देश का पूर्वी राज्य ओडिशा 2036 में ही विकसित बन जाएगा। मुंबई के ताज महल पैलेस में आयोजित सीआईआई ईस्ट इंडिया समिट 2025 के साइडलाइन में वर्धन सिंह देव ने मीडिया से कहा, "भारत के आर्थिक विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 का लक्ष्य रखा है जबकि राज्य ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के साथ ही आर्थिक विकास का यह लक्ष्य 2036 रखा है।

  • 19 Aug 2025 5:05 PM IST

    ‘द बंगाल फाइल्स’ को आप रोकेंगे तो ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देखने थिएटर जाएंगे’ मिथुन चक्रवर्ती

    फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इसमें मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर पश्चिम बंगाल में काफी विवाद हो रहा है। कोलकाता में इस फिल्म के ट्रेलर की स्क्रीनिंग शुरू हुई तो पुलिस वहां पहुंच गई और उसने सब कुछ रुकवा दिया। इसके बाद फिल्ममेकर्स और पुलिस के बीच बहस भी हुई थी। फिल्म के विवाद और अपने किरदार पर एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने आईएएनएस से खास बातचीत की है।

  • 19 Aug 2025 4:56 PM IST

    कैबिनेट ने राजस्थान के कोटा में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट विकसित करने को मंजूरी दी; 1,507 करोड़ रुपए होंगे खर्च

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने मंगलवार को 1,507 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से कोटा-बूंदी (राजस्थान) में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। राजस्थान सरकार ने ए-321 श्रेणी के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के उद्देश्य से एएआई को 440.06 हेक्टेयर भूमि ट्रांसफर की है।

  • 19 Aug 2025 4:45 PM IST

    एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता कांस्य पदक

    पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली शूटर मनु भाकर ने कजाकिस्तान के शिमकेंट में खेली जा रही एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में 10 मीटर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। मनु भाकर ने आठ महिलाओं के फाइनल में 219.7 अंक हासिल किए। वह कोरिया की यांग जिन (241.6) के बाद तीसरे स्थान पर रहीं। गोल्ड मेडल कियानके मा (243.2) ने हासिल किया। इससे पहले 60 शॉट के क्वालिफिकेशन राउंड में मनु ने तीसरा स्थान हासिल किया था। उन्होंने शीर्ष आठ में जगह बनाई थी। पहले दिन कपिल बैंसला ने जूनियर पुरुष एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद भारत ने दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते।

  • 19 Aug 2025 4:35 PM IST

    पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने भाजपा का दामन थामा, पूर्व मंत्री नागमणि भी हुए भाजपाई

    बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने जनसुराज छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस समारोह में पूर्व मंत्री नागमणि, उनकी पत्नी सुचित्रा सिन्हा, भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार और इंजीनियर अवधेश कुमार ने भी सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सभी लोगों को सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा सही अर्थों में एक राजनीतिक दल नहीं, विचारधारा है। यही कारण है कि जनसंघ काल की दो सीटों से आज हम पूरे देश को दुनिया में चौथी अर्थव्यवस्था बनाने में कामयाब हुए हैं।

  • 19 Aug 2025 4:25 PM IST

    भारतीय रुपया में तेजी

    भारतीय रुपया मंगलवार को बीते बंद के मुकाबले 39 पैसे बढ़कर 86.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 85.24 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, ए​क दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 87.47 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 87.35 पर बंद हुआ था।

Created On :   19 Aug 2025 7:52 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story