Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 19 Jun 2025 9:00 AM IST
20 जून पंचांग बन रहा है शोभन योग, जानें क्यों कहा जाता है सजीला और रमणीय
20 जून को शुक्रवार है। ऐसा दिन जब मां लक्ष्मी को पूजा जाता है। राहुकाल 10:38 अपराह्न से 12:23 अपराह्न तक रहेगा। जबकि रेवती नक्षत्र का योग है। सूर्योदय 5:24 प्रात: और सूर्यास्त 19:22 सायं बजे होगा। अब बात उस योग की जिसे सजीला और रमणीय कहा जाता है और ये है 27 योगों में से एक शोभन।
- 19 Jun 2025 8:39 AM IST
भारत की विदेश नीति साफ, किसी भी आतंकी घटना को युद्ध माना जाएगा- आरपी सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कनाडा दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर आतंकवाद को लेकर 35 मिनट की लंबी बातचीत हुई। इस दौरान किसी आतंकवादी घटना को युद्ध समझने की बात को दोहराई गई। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने बुधवार को भारत की विदेश नीति की तारीफ की।
- 19 Jun 2025 8:24 AM IST
आईपीएल की कोच्चि फ्रेंचाइजी मामले में बीसीसीआई को 538 करोड़ रुपए चुकाने का आदेश
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को झटका देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने बंद हो चुकी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी कोच्चि टस्कर्स केरला को 538 करोड़ रुपए का भुगतान करने के मध्यस्थता आदेश को बरकरार रखा है। न्यायालय ने एक दशक से अधिक समय से चल रहे आईपीएल फ्रेंचाइजी विवाद में मध्यस्थता के फैसले को चुनौती देने वाले बीसीसीआई के मुकदमे को खारिज कर दिया है। कई प्रयासों के बावजूद, बीसीसीआई के अधिकारी इस मामले पर टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं रहे।
- 19 Jun 2025 8:11 AM IST
भारत-कनाडा के बीच बहुत जरूरी रीसेट का क्षण’ पीएम मोदी-कार्नी मुलाकात पर सांसद विक्रमजीत सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के पीएम मार्क कार्नी के बीच जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर दोनों देशों के लिए नए उच्चायुक्तों की नियुक्ति करके राजनयिक प्रतिनिधित्व बहाल करने पर सहमति बनी। पंजाब से सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने बुधवार को दोनों देशों के बीच हुए इसका स्वागत करते हुए इसे बहुत जरूरी रीसेट का क्षण बताया।
- 19 Jun 2025 8:03 AM IST
झारखंड में 56 आईएएस का तबादला, कई अफसरों को सौंपे गए अतिरिक्त पदों के दायित्व
झारखंड सरकार ने बुधवार देर शाम 56 आईएएस अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है। इनमें से कई अधिकारियों को अतिरिक्त पदों का प्रभार दिया गया है। वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में सचिव और आपदा प्रबंधन प्रभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा को नागरिक सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
Created On :   19 Jun 2025 8:00 AM IST