Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 20 Sept 2025 1:02 AM IST
राजस्थान अलवर में 100 करोड़ से अधिक के साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
19 सितंबर (आईएएनएस) ऑपरेशन साइबर संग्राम के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, राजस्थान के अलवर जिले में पुलिस ने 100 करोड़ रुपए से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार एक बड़े साइबर अपराध रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
- 20 Sept 2025 12:33 AM IST
एशिया कप लड़कर हारी ओमान, 21 रन से जीती भारतीय टीम
भारतीय क्रिकेट टीम ने शेख जायद स्टेडियम, अबू धाबी में खेले गए एशिया कप के ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में ओमान को 21 रन से हरा दिया। ओमान इस मैच में हारी जरूर लेकिन उनके बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली। अगर कप्तान जतिंदर की पारी धीमी नहीं होती, तो शायद परिणाम कुछ और हो सकता था।
- 20 Sept 2025 12:02 AM IST
सीएम माझी ने 27 सितंबर को पीएम मोदी की ओडिशा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 29 सितंबर को निर्धारित ओडिशा यात्रा से पहले एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 27 सितंबर को बरहामपुर के रंगीलुंडा में राष्ट्रीय स्तर के 'सेवा पर्व' कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ओडिशा का दौरा करेंगे।
- 19 Sept 2025 11:32 PM IST
आईपीएस प्रवीण कुमार आईटीबीपी और प्रवीर रंजर सीआईएसएफ के बने महानिदेशक
आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक (डीजी) बनाए गए। उनके साथ ही आईपीएस प्रवीर रंजन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक बने। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
- 19 Sept 2025 11:03 PM IST
राजुरा सीट को लेकर राहुल गांधी के आरोप गलत, प्रशासन ने पेश किए सबूत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करते हुए महाराष्ट्र की राजुरा विधानसभा सीट पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इस पूरे विवाद पर चंद्रपुर जिला प्रशासन ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी कर स्थिति स्पष्ट की।
- 19 Sept 2025 10:37 PM IST
मणिपुर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद, पांच अन्य घायल
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम अज्ञात सशस्त्र आतंकवादियों के एक समूह ने अर्धसैनिक बल के एक वाहन पर हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफल्स के कम से कम दो जवान शहीद हो गए और कम से कम पांच अन्य घायल हो गए।
- 19 Sept 2025 9:52 PM IST
आंध्र प्रदेश शराब घोटाले में ईडी ने कई राज्यों में मारे छापे, नकदी समेत जरूरी दस्तावेज किए जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के हैदराबाद जोनल ऑफिस ने आंध्र प्रदेश शराब घोटाले के संबंध में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के प्रावधानों के तहत छापेमारी की। यह छापेमारी कार्रवाई हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तंजावुर, सूरत, रायपुर, दिल्ली एनसीआर और आंध्र प्रदेश में 20 स्थानों पर की गई है। फर्जी और बढ़ा-चढ़ाकर किए गए लेनदेन के माध्यम से रिश्वत के भुगतान में मदद करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों के परिसरों की तलाशी ली गई।
- 19 Sept 2025 9:25 PM IST
हिंडनबर्ग केस अदाणी समूह को सेबी से क्लीन चिट, नेताओं ने कहा- 'न्याय की हुई जीत'
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से अदाणी समूह को क्लीन चिट दिए जाने के बाद विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है। नेताओं ने इस निर्णय को पारदर्शी और निष्पक्ष जांच का परिणाम बताया, साथ ही हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट को साजिश और बदनामी का हिस्सा करार दिया।
- 19 Sept 2025 8:45 PM IST
नवरात्रि में मैहर जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा, 14 जोड़ी गाड़ियों का ठहराव
नवरात्रि के मौके पर भारतीय रेलवे के भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों के लिए विशेष सुविधा प्रदान की है। जो यात्री ट्रेन से मैहर जाएंगे उन्हें इस सुविधा का विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि 14 जोड़ी गाड़ी मैहर में रुकेगी।रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेल से गुजरने वाली 14 जोड़ी रेलगाड़ियों का मैहर स्टेशन पर 22 सितंबर से 6 अक्तूबर तक 5 मिनट का अस्थाई हाल्ट रहेगा।
- 19 Sept 2025 8:01 PM IST
जेन-जी हमारी विचारधारा के साथ, परिवारवादी पार्टी का समय समाप्त निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'जेन-जी' वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि डूसू चुनाव का परिणाम आ चुका है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भारी बहुमत से चुनाव जीता है। जेन-जी हमारे साथ है।
Created On :   19 Sept 2025 8:00 AM IST












