Breaking News: आज की बड़ी खबरें 2 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 3 Oct 2025 1:03 AM IST
महाराष्ट्र को 6,418 करोड़ रुपए का 'कर हस्तांतरण' जारी, अजित पवार ने पीएम मोदी का जताया आभार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने त्योहारी सीजन के दौरान 'कर हिस्सेदारी' की अग्रिम किस्त के रूप में महाराष्ट्र को 6,418 करोड़ रुपए जारी करने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
- 3 Oct 2025 12:20 AM IST
अश्विनी वैष्णव ने एनडीयू प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया, पांच नए केंद्रों की भी शुरुआत
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को एनआईईएलआईटी (नेलिट) डिजिटल यूनिवर्सिटी (एनडीयू) प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया। यह प्लेटफॉर्म उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल शिक्षा तक पहुंच को सुलभ बनाने के उद्देश्य से बनाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पांच नए नेलिट केंद्रों का भी वर्चुअल तरीके से शुभारंभ किया।
- 3 Oct 2025 12:04 AM IST
खंडवा हादसा पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की मदद का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के खंडवा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समारोह के दौरान हुई मौतों पर गहरी संवेदना जताई। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
- 2 Oct 2025 11:31 PM IST
सरकारी दफ्तरों में 'स्वच्छता और सुशासन' के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय का विशेष अभियान
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 31 अक्टूबर तक चलने वाले 5वें विशेष अभियान को लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत बनाना और लंबित पड़े मामलों को न्यूनतम स्तर पर लाना है।
- 2 Oct 2025 10:55 PM IST
कश्मीर घाटी में धूमधाम से मनाया गया दशहरा
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में इस वर्ष दशहरा उत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह पर्व घाटी के विभिन्न हिस्सों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्तर कश्मीर के बरामूला जिले में खुजाबाग प्रवासी कॉलोनी में आयोजित मुख्य समारोह विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा। यहां 10 फुट ऊंचे रावण के पुतले को जलाया गया। यह पारंपरिक अनुष्ठान भगवान राम की रावण पर विजय का प्रतीक है, जो हिंदू संस्कृति का अभिन्न अंग है। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक महत्व को दर्शाया, बल्कि सामुदायिक एकता को भी मजबूत किया।
- 2 Oct 2025 10:45 PM IST
गुरु नानक जयंती पर सिख जत्थे को मिली पाकिस्तान जाने की अनुमति, सरकार ने रखी सख्त शर्तें
भारत सरकार ने सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान जाकर गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व में शामिल होने की औपचारिक अनुमति दे दी है। यह पर्व 5 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसमें विशेष जत्था पाकिस्तान जाएगा और वहां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों में माथा टेककर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेगा।
- 2 Oct 2025 10:21 PM IST
मुंबई पवई में अवैध रूप से रह रही 9 विदेशी महिलाओं पर कार्रवाई, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू
मुंबई की पवई पुलिस ने अवैध रूप से रह रही 9 विदेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। ये सभी महिलाएं युगांडा और केन्या की नागरिक हैं, जिनके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। पुलिस ने इन्हें पवई इलाके में की गई एक विशेष छापेमारी के दौरान पकड़ा।
- 2 Oct 2025 9:41 PM IST
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्ताकी की भारत यात्रा जल्द
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी अगले सप्ताह नई दिल्ली का दौरा करेंगे, जिससे भारत-तालिबान संबंधों को मजबूती मिलने की संभावना है। आईएएनएस ने पहले बताया था कि विदेश मंत्री मुत्ताकी अगस्त के आखिरी हफ्ते में नई दिल्ली आ सकते हैं, लेकिन उस समय उन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से यात्रा प्रतिबंध में छूट नहीं मिल पाई थी।
- 2 Oct 2025 9:26 PM IST
मां नैना देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में शारदीय नवरात्रि पर्व इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विजयादशमी के पावन अवसर पर पूर्ण आहुतियों के साथ नवरात्रि का विधिवत समापन हुआ। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में देशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
- 2 Oct 2025 9:14 PM IST
राजस्थान जयपुर के कई इलाकों में बारिश, शुक्रवार के लिए अलर्ट जारी
जयपुर में गुरुवार शाम से भारी बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसून के बाद राजस्थान के कई जिलों में बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है।
Created On :   2 Oct 2025 8:00 AM IST












