Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 2 Sept 2025 10:03 AM IST
दो दिवसीय दौरे पर आइसलैंड जाएंगे केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
केंद्रीय विदेश राज्य और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह दो दिवसीय दौरे पर आइसलैंड की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, कीर्ति वर्धन सिंह 4 से 5 सितंबर 2025 को आइसलैंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
- 2 Sept 2025 9:28 AM IST
पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, पांच हथियार बरामद
पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच अवैध हथियार और अतिरिक्त मैगजीन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
- 2 Sept 2025 9:10 AM IST
मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई बुजुर्ग ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, एमडी ड्रग्स बरामद
मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-9 ने बांद्रा इलाके से एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जो केले बेचने के ठेले की आड़ में ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। आरोपी की पहचान 60 वर्षीय मोहम्मद अली अब्दुल गफ्फार शेख के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 153 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35.30 लाख रुपए बताई जा रही है।
- 2 Sept 2025 8:54 AM IST
अमेरिका के प्रमुख विशेषज्ञ ने ट्रंप की भारत से जुड़ी रणनीति की आलोचना की
अमेरिका के एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संबंध विशेषज्ञ और शिकागो विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर जॉन मियर्सहाइमर ने ट्रंप प्रशासन की 'भारत नीति' को एक 'भारी भूल' करार दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी तेल खरीदने के लिए भारत पर सेकेंडरी टैरिफ लगाना काम नहीं करेगा।
- 2 Sept 2025 8:35 AM IST
बिहार: एसआई पर डीएम विशाल राज का बयान
एसआईआर मामले पर डीएम विशाल राज ने कहा कि लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें (नागरिकता का प्रमाण देने के लिए) नोटिस भेजे जा रहे हैं। सभी लोगों का पक्ष जानने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 3000 से ज्यादा लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं।
- 2 Sept 2025 8:21 AM IST
जम्मू और कश्मीर: लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
भलेसा डोडा रेंज अधिकारी आदिल शान ने कहा कि पिछले 10 दिनों से हम वन अधिकारी, उच्च पदस्थ अधिकारी, नदियों, नालों और तटों के पास गश्त कर रहे हैं। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे नदियों, नालों और जलाशयों के पास न जाएं। हमने कई तस्करों की पहचान की है और हम उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करने जा रहे हैं।
- 2 Sept 2025 8:17 AM IST
ऑपरेशन अन्वेषण के तहत ओडिशा पुलिस ने 5 दिनों में 2,417 लापता लोगों को खोज निकाला
ओडिशा पुलिस ने 18 से 22 अगस्त के बीच राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन अन्वेषण' के तहत कुल 2,417 लापता लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर ढूंढ निकाला। यह अभियान राज्यभर में लापता बच्चों और महिलाओं को खोजने के उद्देश्य से चलाया गया था।
- 2 Sept 2025 8:16 AM IST
कीव ने एससीओ समिट के बयान में रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र न होने पर जताई नाराजगी
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने तियानजिन में हुई शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के परिणामों को ध्यान में रखते हुए कहा कि इस सम्मेलन के मुख्य दस्तावेज, 20 पेज के तियानजिन घोषणा पत्र में रूस के यूक्रेन पर युद्ध का जिक्र न होना बहुत ही आश्चर्यजनक और नकारात्मक संकेत है।
- 2 Sept 2025 8:15 AM IST
मध्य प्रदेश सीनियर आईएएस अधिकारी शिवशेखर शुक्ला गृह विभाग के एसीएस बनाए गए
मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक विभाग में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिवशेखर शुक्ला (1994 बैच) को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के साथ वे वर्तमान में स्वराज संस्थान, भारत भवन और पर्यटन विकास बोर्ड जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं के प्रभारी हैं। अब इन्हीं कर्तव्यों के साथ उन्हें अपर मुख्य सचिव (एसीएस), गृह विभाग का अस्थायी और अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह आदेश मुख्य सचिव अनुराग जैन द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।
Created On :   2 Sept 2025 8:00 AM IST












