Breaking News: आज की बड़ी खबरें 22 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 22 May 2025 11:23 AM IST
सीपीआई सांसद डी.राजा का पार्टी को लेकर बयान आया सामने
CPI सांसद डी. राजा ने कहा, "हमारी पार्टी सरकार से यही मांग कर रही है कि उन्हें संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए। संसद और लोगों को यह जानकारी दी जानी चाहिए कि वास्तव में क्या हुआ, क्या होने जा रहा है? सरकार वर्तमान स्थिति का क्या आकलन कर रही है? सरकार भविष्य में क्या कदम उठाने पर विचार कर रही है। हमें इस बारे में कुछ नहीं पता"
- 22 May 2025 11:05 AM IST
ऑल पार्टी डेलीगेशन के सदस्य और आप सांसद अशोक कुमार मित्तल का बयान आया सामने
सीमा पार आतंकवाद और ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले 7 प्रतिनिधिमंडलों में से एक के सदस्य और AAP सांसद अशोक कुमार मित्तल ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान बौखला गया है। उस बौखलाहट में उसने हम पर फिर हमला किया, जिसका हमने मुंहतोड़ जवाब दिया। वह दुनिया भर में कह रहा है कि हमारे नागरिक प्रतिष्ठानों पर हमला किया गया, हमारे नागरिक मारे गए। हम बताना चाहते हैं कि हमने ऐसा नहीं किया। वह कहता है कि हम उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, हम भी कहना चाहते हैं कि हमारी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। हम आपकी जमीन लेकर क्या करेंगे, हमारी अर्थव्यवस्था अच्छी चल रही है लेकिन अगर आप हमारे साथ कुछ गलत करेंगे तो हमें उसपर जवाब देने का हक है और हम देंगे।" AAP सांसद अशोक कुमार मित्तल DMK सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में रूस, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया और लातविया जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
- 22 May 2025 10:54 AM IST
ओमान के विदेश मंत्री बोले- रोम में होगी ईरान-अमेरिका के बीच पांचवें दौर की वार्ता
ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद बिन हमूद अलबुसैदी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पांचवे दौर की अप्रत्यक्ष वार्ता शुक्रवार को रोम में होगी। यह घोषणा उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में दी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर रुकी हुई कूटनीति को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से यह वार्ता ओमान द्वारा संचालित की जा रही है।
- 22 May 2025 10:48 AM IST
वॉशिंगटन शूटिंग अपडेट
संयुक्त राज्य अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम वाशिंगटन डीसी में इजराइल दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं। यह कायरतापूर्ण, यहूदी विरोधी हिंसा का एक शर्मनाक कृत्य था। कोई गलती न करें। हम जिम्मेदार लोगों का पता लगाएंगे और उन्हें न्याय के कटघरे में लाएंगे।
- 22 May 2025 10:39 AM IST
वॉशिंगटन शूटिंग पर ट्रंप का रिएक्शन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह भयानक डी.सी. हत्याएं, जो स्पष्ट रूप से यहूदी-विरोधी भावना पर आधारित हैं। इसे अब समाप्त होनी चाहिए! नफरत और कट्टरपंथ के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं है। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। बहुत दुख की बात है कि ऐसी चीजें हो सकती हैं! भगवान आप सभी का भला करे!"
- 22 May 2025 10:32 AM IST
वॉशिंगटन शूटिंग अपडेट
अमेरिका में इजरायली राजदूत डैनी डैनन ने इस घटना पर रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन, डी.सी. में यहूदी संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम के बाहर हुई घातक गोलीबारी यहूदी-विरोधी आतंकवाद का एक घृणित कृत्य है। यहूदी समुदाय को नुकसान पहुंचाना एक रेड लाइन को पार करना है। हमें भरोसा है कि अमेरिकी अधिकारी इस हरकत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे। इजराइल दुनिया भर में अपने नागरिकों और प्रतिनिधियों की रक्षा के लिए काम करना जारी रखेगा।
- 22 May 2025 10:22 AM IST
वॉशिंगटन शूटिंग अपडेट
एफबीआई (FBI) डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि मेरी टीम और मुझे आज रात डाउनटाउन डीसी में कैपिटल यहूदी संग्रहालय के बाहर और हमारे वाशिंगटन फील्ड ऑफिस के पास हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई है। जबकि हम MPD के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और ज्यादा जानकारी जुटा रहे हैं। कृपया पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें। हम जैसे-जैसे सक्षम होंगे, जनता को अपडेट करते रहेंगे।
- 22 May 2025 10:15 AM IST
अमेरिका में इजरायली दूतावास कर्मचारियों की गोली मार कर हत्या, क्रिस्टी नोएम की प्रतिक्रिया
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की मंत्री क्रिस्टी नोएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज रात वॉशिंगटन डीसी में यहूदी संग्रहालय के पास 2 इजरायली दूतावास कर्मचारियों की बेवजह हत्या कर दी गई। हम सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं और साझा करने के लिए अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। कृपया पीड़ितों के परिवारों के लिए प्रार्थना करें।
- 22 May 2025 10:05 AM IST
इजरायल की सुप्रीम कोर्ट ने शिन बेट प्रमुख की बर्खास्तगी को बताया 'अवैध'
इजरायल की सुप्रीम कोर्ट ने मार्च में इजरायल की शिन बेट घरेलू सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख रोनेन बार को बर्खास्त करने के सरकार के फैसला को ‘अवैध और कानून के विरुद्ध’ बताया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि तीन जजों की पीठ ने बुधवार को अपने फैसले में कहा कि बर्खास्तगी की प्रक्रिया ‘अनुचित और कानून का उल्लंघन’ थी। फैसले में यह भी उल्लेख किया गया है कि "कतर-गेट" मामले में जारी जांच के चलते इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के हितों में टकराव की स्थिति उत्पन्न होती है।
- 22 May 2025 9:46 AM IST
'ऑपरेशन सिंदूर' की सच्चाई बताने संजय झा के नेतृत्व में जापान पहुंचा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) सांसद संजय झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जापान पहुंचा है। यह दौरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार के कदमों की जानकारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा करने के उद्देश्य से किया गया है। संजय झा ने इस संबंध में जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की।
Created On :   22 May 2025 8:00 AM IST