Breaking News: आज की बड़ी खबरें 23 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 23 April 2025 8:10 PM IST
विश्व चैंपियन गौरव शर्मा ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की
विश्व चैंपियन पावरलिफ्टर महंत गौरव शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना पर अपनी संवेदना और आक्रोश व्यक्त करते हुए शर्मा ने कहा, "मैं पहलगाम में हुए इस निर्मम आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की जान जाने से काफी आहत हूं। यह एक कायरतापूर्ण कृत्य था। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। भारत सरकार को इस जघन्य हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।"
- 23 April 2025 7:07 PM IST
वेंस ने पीएम मोदी से कहा - आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका हर तरह की मदद को तैयार
भारत की यात्रा पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने बुधवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त लड़ाई में 'सभी तरह की मदद' देने के लिए तैयार है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को आगरा के दौरे पर आए वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोन पर बातचीत के दौरान जम्मू-कश्मीर में हुए नृशंस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की।
- 23 April 2025 6:29 PM IST
अब्दुल्ला ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटक स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूरे राज्य में अलर्ट है। पहलगाम अटैक को लेकर जम्मू कश्मीर मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कल दोपहर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
- 23 April 2025 6:10 PM IST
पीएम मोदी के आवास पर स्टार्ट हुई मीटिंग
पीएम नरेंद्र मोदी के आवास पहुंचे गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, NSA, थोड़ी देर में CCS मीटिंग शुरू
- 23 April 2025 6:03 PM IST
केंद्र सरकार से ड्रोन पॉलिसी बनाने की मांग की
पंजाब के मुखिया भगवंत मान ने केंद्र सरकार से ड्रोन पॉलिसी बनाने की मांग की है। मुख्यमंत्री मान ने कहा नशों के खिलाफ एक्शन तेजी से लिया जाएगा। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। सरकार ने ऐसे लोगों के खिलाफ बुलडोजर की भी तैयारी कर ली है।
- 23 April 2025 5:57 PM IST
पंजाब पुलिस भी अलर्ट मोड पर है
दक्षिण -कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पंजाब सीएम भगवंत मान ने उच्च स्तरीय मीटिंग की। बैठक में सुरक्षा से जुड़े तमाम अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पंजाब पुलिस भी अलर्ट मोड पर है
- 23 April 2025 5:43 PM IST
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का पहलगाम टेरर अटैक पर बयान आया सामने
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि, "कल पहलगाम में जो घटना हुई है, जिस तरह आतंकवादियों ने गोली चलाकर कई लोगों को मार डाला। इस घटना से हम आहत हैं। आज से पहले कभी भी पर्यटकों पर हमला जम्मू-कश्मीर में नहीं किया गया था। हम चाहते हैं कि सरकार, सेना, जांच एजेंसियां पूरी मजबूती के साथ कार्रवाई करें और भय मुक्त वातावरण बनाने के लिए जो कदम उठाने हैं, वो जरूर उठाएं। लेकिन पहलगाम पहले से हाई सिक्योरिटी जोन में था। इसके बावजूद ये घटना कैसे हुई, ये जांच एजेंसियां और सरकार ही बता पाएंगी। पूरा देश एक साथ खड़ा है, हम चाहते हैं कि उन लोगों को न्याय मिले जिनकी जान गई है।"
- 23 April 2025 5:26 PM IST
पहलगाम हमले के 3 संदिग्ध के स्केच हुए जारी
बीते दिनों जम्मू कशमीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने तीन संदिग्ध आरोपियों के स्केच जारी कर दिए हैं। नके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा बताए गए हैं। बता दें, पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी विंग द रजिस्टेंस फ्रंट ने ली है।
- 23 April 2025 4:56 PM IST
पहलगाम टेरर अटैक को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया बयान, कहा- 'भारत का नागरिक आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है'
पलगाम टेरर अटैक पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। इस अमानवीय कृत्य से हम सभी गहरी शोक और दर्द में हैं। सबसे पहले मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस दुखद समय में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं। यहां मैं भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराना चाहूंगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। भारत का एक-एक नागरिक इस कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ एकजुट है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि घटना के मद्देनजर भारत सरकार हर वो कदम उठाएगी जो जरूरी और उपयुक्त होगा। हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठ कर भारत की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची हैं।"
- 23 April 2025 4:41 PM IST
आतंकी हमले पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस का बयान
आतंकी हमले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि, "यह घटना निंदनीय है। ये एक प्रकार से भारत को विभाजित करने का प्रयास था। ऐसे प्रयासों को हमें विफल करना चाहिए और ऐसे तत्वों को कुचल देना चाहिए। महाराष्ट्र के जिन 6 लोगों की (पहलगाम आतंकी हमले में)मृत्यु हुई है, प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये देंगे।
Created On :   23 April 2025 7:59 AM IST