Breaking News: आज की बड़ी खबरें 23 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 23 May 2025 2:08 PM IST
रसिका दुग्गल के कई प्लान हुए कैंसल, तो खुद को समझने में बिताया वक्त
एक्ट्रेस रसिका दुग्गल ने पिछले एक महीने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके कई बार प्लान अचानक से रद्द हुए, जिससे वह काफी परेशान रहीं। लेकिन उन्होंने इससे कुछ सीखने की कोशिश भी की। उन्होंने बताया कि जब उनके प्लान अचानक रद्द हो जाते थे, तो उन्हें अकेले में ज्यादा वक्त बिताना पड़ता था। वह अक्सर सोफे पर बैठी रहतीं और इस खाली समय में हुई निराशाओं और कुछ अच्छी चीजों के बारे में सोचती रहतीं। इस समय को उन्होंने खुद को समझने के लिए इस्तेमाल किया और इस अनुभव को 'इंट्रोवर्टिंग' नाम दिया।
- 23 May 2025 1:40 PM IST
छत्तीसगढ़ सीएम साय और उपमुख्यमंत्री शर्मा ने नक्सली हमले में शहीद हुए कमांडो को दी श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर के अबूझमाड़ वन क्षेत्र में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कोबरा बटालियन के जवान सोलंकी मेहुल भाई को श्रद्धांजलि दी।
- 23 May 2025 1:30 PM IST
जम्मू-कश्मीर टीएमसी प्रतिनिधिमंडल ने सीमा पार गोलीबारी से प्रभावित इलाकों का किया दौरा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का शिकार हो रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यहां के लोगों को लगातार पाकिस्तान की तरफ से की जा रही गोलीबारी का सामना करना पड़ रहा है और इस स्थिति में सरकार को कुछ अहम कदम उठाने चाहिए।
- 23 May 2025 1:21 PM IST
विकास कार्यों और संगठन को लेकर अहम होगा पीएम मोदी का बिहार दौरा, दिलीप जायसवाल ने दी जानकारी
'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को पहली बार बिहार के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। चुनावी साल के बीच पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 30 मई को विशाल जनसभा भी संबोधित करेंगे। इसी बीच पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को अहम जानकारी दी।
- 23 May 2025 1:13 PM IST
आरोपियों ने बनाई 86 फर्जी कंपनियां दस्तावेज खंगालने में जुटी है पुलिस
कुख्यात लोहा कारोबारी बंटी उर्फ संतोष शाहू और उसके भाई जयेश शाहू सहित 5 आरोपियों की गुरुवार को रिमांड अवधि खत्म होने पर पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया और फिर रिमांड मांगी। न्यायालय ने बंटी शाहू और जयेश को 26 मई तक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ब्रिजकिशोर मनियार (59), शंकर नगर, ऋषि लाखानी (21), शास्त्री नगर और आनंद हरड़े (33), सूर्यनगर कलमना निवासी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी बंटी और उसके साथियों ने मिलकर 86 फर्जी कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के माध्यम से वह जीएसटी सहित अन्य चोरियां करते थे। पुलिस को इनकी 86 कंपनियों के बारे में जानकारी मिल गई है। कंपनियों के दस्तावेज क्राइम ब्रांच खंगाल रही है। आरोपियों ने जमा की करोड़ों की रकम कहां-कहां निवेश की, इसकी छानबीन शुरू है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की यूनिट 4 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कमलाकर गड्डिमे के नेतृत्व में जांच शुरू है। प्रकरण में आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। 155 करोड़ का यह घोटाला अब 800 करोड़ पर पहुंच गया है।
- 23 May 2025 12:59 PM IST
बिक्रमगंज में आरएलएम की परिसीमन सुधार महारैली, उपेंद्र कुशवाहा भरेंगे हुंकार
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के वरिष्ठ नेता जाहिद परवेज उर्फ कक्कू खान की मौजूदगी में रोहतास जिले के डिहरी में संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली की समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक में 25 मई को बिक्रमगंज में होने वाली महारैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कक्कू खान ने दावा किया कि यह महारैली ऐतिहासिक होगी और पार्टी अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेगी। खान ने कहा कि पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में संवैधानिक अधिकार और परिसीमन सुधार की मांग को हर हाल में पूरा किया जाएगा। परिसीमन सुधार का मुद्दा अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने प्रमुखता से नहीं उठाया, लेकिन आरएलएम इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस महारैली के माध्यम से न केवल परिसीमन सुधार की मांग को बल मिलेगा, बल्कि चुनावी वर्ष में पार्टी की एकता और ताकत को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
- 23 May 2025 12:55 PM IST
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को दिया जवाब, कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा सांसद की समझ पर उठाया सवाल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तीन सवाल पूछे। इसका जवाब भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दिया। अब इस जवाब को ही आधार बनाकर कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने दुबे की समझ पर सवाल उठा दिए हैं। उन्हें युद्ध, छिटपुट झड़प और घटनाओं के अंतर को समझने की नसीहत दी है।
- 23 May 2025 12:44 PM IST
मध्य प्रदेश भोपाल में कार पेड़ से टकराई, तीन की मौत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को एक कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल के रहने वाले चार दोस्त सीहोर में ढाबा पर खाना खाने गए थे और वे देर रात को वापस भोपाल लौट रहे थे। ढाबा पर खाना खाने गए दोस्तों के नाम प्रीत आहूजा, विशाल डाबी, पंकज सिसोदिया और राहुल कंडारी बताए जा रहे हैं। वापस लौटते समय कार को प्रीत आहूजा चला रहा था। एक दोस्त आगे सीट पर बैठा था जबकि उसके दो साथी पीछे की सीट पर बैठे थे। इसी दौरान भोपाल-इंदौर मार्ग पर सीहोर से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से टकरा गई।
- 23 May 2025 12:37 PM IST
‘कांग्रेस ने सरेंडर किया’, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की केंद्र से मांग 1991 समझौते की जांच कराई जाए
भारत-पाक सीजफायर पर कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार पर सरेंडर करने के आरोप में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरेंडर करने काम तो कांग्रेस ने 1991 में किया था। अब समय आ गया है कि इस समझौते जांच की जाए कि किन परिस्थितियों में यह समझौता हुआ।
- 23 May 2025 12:23 PM IST
बेमौसम बारिश के चलते नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तेजी से गिरा पारा
तेज हवा के साथ हुई बारिश से नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान सामान्य से नीचे रहा। नागपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री कम रहा। तापमान में आई इस गिरावट से मौसम ठंडा हो गया है। मई माह में प्रचंड गर्मी होती है, ऐसे समय गर्मी से राहत मिलने से नागपुरवासी सुकून महसूस कर रहे हैं। गुरुवार को नागपुर का अधिकमत तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
Created On :   23 May 2025 8:00 AM IST