Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 24 Aug 2025 5:02 PM IST
वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका को 276 रन से रौंदकर ऑस्ट्रेलिया ने बचाई लाज
ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को मैके में खेले गए तीसरे वनडे मैच में 276 रन से रौंद दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम को सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। भले ही सीरीज 2-1 से साउथ अफ्रीका के नाम रही, लेकिन अंतिम मुकाबले में शानदार जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम लाज बचाने में कामयाब रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 50 ओवरों के खेल में महज दो विकेट खोकर 431 रन बना दिए।
- 24 Aug 2025 4:44 PM IST
कांग्रेस को बिहार में हार का डर, इसलिए राहुल गांधी लगा रहे आरोप- भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक 90 चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस हार चुकी है और अब बिहार में भी यही डर कांग्रेस को सता रहा है।
- 24 Aug 2025 4:37 PM IST
पिता से दूरी, अकेलापन और हार्ट अटैक... कुछ ऐसा रहा कपूर खानदान के चिराग राजीव का जीवन
हिंदी सिनेमा में कुछ परिवार ऐसे हैं, जिनका नाम खुद एक पहचान बन चुका है। कपूर खानदान उन्हीं में से एक है, जो अभिनय, निर्देशन और कला के हर रंग से जुड़ा रहा है। पृथ्वीराज कपूर से शुरू हुई यह परंपरा राज कपूर, शम्मी कपूर, शशि कपूर, ऋषि कपूर और रणधीर कपूर तक चली और हर पीढ़ी ने अपना अलग मुकाम बनाया। इसी चमकते हुए परिवार में जन्मे थे राजीव कपूर... जिन्हें पहचान तो मिली, लेकिन वो मुकाम नहीं जो उनका सपना था। राजीव कपूर अभिनेता बनना चाहते थे, पर उनके पिता राज कपूर उन्हें एक निर्देशक के तौर पर देखना चाहते थे। दो अलग रास्तों के बीच फंसे राजीव ने कभी पर्दे पर, कभी कैमरे के पीछे अपनी-अपनी पहचान बनाने की कोशिश की, लेकिन हर कोशिश के बावजूद उन्हें वो सफलता नहीं मिल सकी जिसकी उन्हें उम्मीद थी।
- 24 Aug 2025 4:23 PM IST
भारत से निर्यात बढ़ाने के लिए सरकार लॉन्च करेगी 25,000 करोड़ रुपए की योजनाएं
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने निर्यात केंद्रित उद्योगों की सहायता के लिए 25,000 करोड़ रुपए की योजानओं का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य छह वर्ष की अवधि के लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के तहत कपड़ा, रत्न एवं आभूषण और समुद्री उत्पादों जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों में छोटे निर्यातकों की फंडिंग करने में सहायता करना है।
- 24 Aug 2025 3:42 PM IST
कहीं आप भी तो नहीं 'फैट वॉलेट सिंड्रोम' के शिकार, जानें होता है क्या?
ज्यादातर लोग अपनी पैंट की पिछली जेब में वॉलेट रखना पसंद करते हैं। यह एक आम आदत है, लेकिन यह छोटी सी आदत आपके शरीर के लिए हानिकारक साबित हो सकती है। अक्सर हम बिना सोचे-समझे इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं कि हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें हमारे स्वास्थ्य पर बड़ा असर डालती हैं। इस कड़ी में वैज्ञानिकों ने कई शोध किए हैं, जिनमें से एक शोध में सामने आया है कि पैंट की पिछली जेब में वॉलेट रखना हमारे शरीर के संतुलन को बिगाड़ सकता है।
- 24 Aug 2025 3:28 PM IST
निक्की को जिंदा जलाने वाले पति विपिन के पैर में लगी गोली, ग्रेटर नोएडा में दहेज का मामला
पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की पर हो गया एनकाउंटर। यह ग्रेटर नोएडा में दहेज का मामला है जिसमें पुलिस जवाबी कार्रवाई करने पर मजबूर हो गई। पत्नी निक्की को जिंदा जलाने के आरोप में दबोचे गए पति विपन भाटी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली गली है। उसे फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि विपिन को उस जगह ले जाया गया था जहां से उसने थिनर की वोटल खरीदी थी। इस बीच उसने पुलिस की पिस्टल छीन कर फरार होने की कोशिश की। पर वह इस काम में सफल नहीं हो सका। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगने से चोट आई और सारे इरादों पर पानी फिर गया। अस्पताल में विपिन ने मीडिया से बात की और एक ही बात दोहराता रहा कि उसने निक्की को नहीं मारा है। वह खुद मर गई।
- 24 Aug 2025 3:15 PM IST
उद्धव ठाकरे बौखला गए हैं, बार-बार सेना का अपमान करते हैं शाइना एनसी
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के उस बयान पर जोरदार पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसा था। शिवसेना नेता ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे बौखला गए हैं और बार-बार सेना का अपमान कर रहे हैं। आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि ठाकरे को अपने सांसद को डेलिगेशन में नहीं भेजना चाहिए था, जहां वे सेना की तारीफ करते हैं, और अब ऑपरेशन सिंदूर को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) भारतीय सेना का सम्मान नहीं करती और प्रधानमंत्री के कार्यों को उनके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। मनसे नेता राज ठाकरे के वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी को आपत्ति है तो वह शपथपत्र (एफिडेविट) दाखिल करे, लेकिन राज ठाकरे ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया।
- 24 Aug 2025 3:00 PM IST
ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड आरोपी पति ने की पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, मुठभेड़ में घायल
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कथित तौर पर पत्नी निक्की को जिंदा जलाने के आरोपी पति विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। विपिन भाटी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। रविवार को पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान उसका एनकाउंटर हुआ। आरोप है कि विपिन भाटी पुलिस का हथियार छीनकर कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी घटनाक्रम में ग्रेटर नोएडा के सिरसा चौराहे के पास मुठभेड़ हुई, जिसमें विपिन भाटी के पैर में गोली लगी। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
- 24 Aug 2025 2:40 PM IST
स्मृति शेष नील आर्मस्ट्रांग, दुनिया के पहले शख्स जिन्होंने चांद पर रखा कदम
25 अगस्त 2012 को दुनिया ने एक ऐसे नायक को खो दिया, जिसने चांद पर पहला कदम रखकर मानवता के सपनों को नई उड़ान दी। नील आर्मस्ट्रांग, ये वो नाम है जो साहस, विज्ञान और असंभव को संभव बनाने की जीवटता का प्रतीक है। अपोलो 11 मिशन के कमांडर के रूप में उन्होंने 20 जुलाई 1969 को चंद्रमा की सतह पर कदम रखा। यह क्षण न केवल इतिहास के पन्नों में, बल्कि हर उस दिल में अमर है, जो अनंत आकाश की ओर देखता है। नील एल्डन आर्मस्ट्रांग का जन्म 5 अगस्त 1930 को ओहायो (अमेरिका) के छोटे से कस्बे वपाकोनेटा में हुआ। बचपन से ही उन्हें आसमान में उड़ते विमानों से लगाव था। 16 साल की उम्र में, जब अधिकांश किशोर साइकिल और खेलों में व्यस्त होते हैं, तब आर्मस्ट्रांग ने पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था। यहीं से उनकी जिंदगी ने आसमान की ओर उड़ान भरनी शुरू कर दी।
- 24 Aug 2025 2:21 PM IST
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम शिंदे ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, प्रधानमंत्री मोदी के लिए मांगा आशीर्वाद
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे और विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बाबा महाकाल से आशीर्वाद मांगा। साथ ही, उन्होंने महाकाल मंदिर में महाराष्ट्र की जनता और खासकर किसानों की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता और किसान समृद्ध हों, राज्य का गौरव बढ़े और सुख-शांति बनी रहे, इसके लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की है। उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त हो, यह प्रार्थना की है। वह हमारे देश का गौरव बढ़ाने का काम कर रहे हैं।"
Created On :   24 Aug 2025 8:00 AM IST