Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 24 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
24 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 24 Jun 2025 12:12 PM IST

    केएल राहुल और ऋषभ पंत के शतक से भारत ने रचा इतिहास! सुनील शेट्टी हुए भावुक

    हेडिंग्ले में भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। भारत के बैटर्स खूब चमके। इनमें अभिनेता सुनील शेट्टी के दामाद केएल राहुल भी शामिल हैं। जिन्होंने शानदार सैकड़ा जड़ा। बेटी अथिया के पति को पापा शेट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बधाई दी। केएल राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 137 रन बनाए हैं। अभिनेता ने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन पर केएल राहुल की तस्वीर शेयर कर लिखा, "एक ऐसी पारी जिसने कम बोला, लेकिन सब कुछ कह दिया। तुम पर गर्व है, केएल राहुल।" दूसरी स्टोरी में उन्होंने स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत की तस्वीर शेयर कर कैप्शन में लिखा, "दो पारियां। दो शतक। एक निडर दिल। ऋषभ पंत।"

  • 24 Jun 2025 12:00 PM IST

    इंटरनेशनल लेवल पर भारत का नाम रोशन करने जा रहे एमएमए फाइटर साहिल हल्लादकेरी

    कर्नाटक स्थित विजयपुर नगर के रहने वाले साहिल हल्लादकेरी एक युवा फाइटर हैं। साहिल अबू धाबी में होने वाली मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चुने गए हैं, जिसका आयोजन 20-27 जुलाई के बीच होगा। साहिल ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए वर्षों मेहनत की है। उन्होंने 'आईएएनएस' से कहा, "मैं अबू धाबी में खेले जाने वाले मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के लिए सेलेक्ट हुआ हूं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 52 किलोग्राम कैटेगरी में, भारत और कर्नाटक का नाम रोशन करना चाहता हूं। मैं यह मुकाबला जीतने की पूरी कोशिश करूंगा।"

  • 24 Jun 2025 11:57 AM IST

    मुंबई में भारी बारिश और हाई टाइड की चेतावनी

    मानसून के सक्रिय होने के साथ ही मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में 24 से 28 जून तक लगातार पांच दिनों तक समुद्र में हाई टाइड की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने मुंबई के लिए 24 से 26 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। यानि पूरे हफ्ते भारी बारिश की आशंका बनी रहेगी। 23 जून को भारी बारिश से मुंबई के भिवंडी, अलीबाग और सिंधुदुर्ग में स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। भिवंडी में मूसलाधार बारिश ने कामवारी नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि कर दी है, जिससे सैकड़ों दुकानों और घरों में पानी घुस गया। तीन बत्ती भाजी मार्केट इलाके में दुकानदार रात भर सामान निकालते रहे। खाड़ीपार इलाके में नदी का पानी पुल को छू रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

  • 24 Jun 2025 11:50 AM IST

    एमएलसी 2025 मैथ्यू शॉर्ट ने खेली कप्तानी पारी, सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की लगातार पांचवीं जीत

    सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने मेजर क्रिकेट लीग-2025 (एमएलसी) के 14वें मुकाबले में एमआई न्यूयॉर्क के खिलाफ 47 रन से जीत दर्ज की। यह सीजन में उसकी लगातार पांचवीं जीत रही, जिसके साथ टीम प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर मजबूती के साथ खड़ी है। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने सीजन में अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, जिसमें 10 प्वाइंट्स और +2.670 नेट रन रेट के साथ टीम नंबर वन है। वहीं, चौथी हार के साथ एमआई न्यूयॉर्क चौथे स्थान पर मौजूद है।

  • 24 Jun 2025 11:40 AM IST

    डोनाल्ड ट्रंप को कोई भी गंभीरता से नहीं लेगा इमरान मसूद

    कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर इतिहास के पन्नों को पलटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वह अपना कौन सा इतिहास लिख रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मंगलवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "वह (अमित शाह) हर समय इतिहास के पन्ने पलटते रहते हैं। वह अपना कौन सा इतिहास लिख रहे हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए।"

  • 24 Jun 2025 11:30 AM IST

    अलविदा दिलीप दोषी पैर में फ्रैक्चर के बावजूद देश के लिए खेले, प्रथम श्रेणी में झटके 898 विकेट

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप दोषी का 23 जून को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने उनके निधन की पुष्टि की है। दिलीप दोषी के नाम प्रथम श्रेणी में 898 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने 43 बार पारी में पांच विकेट झटके हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 75 शिकार किए। रणजी क्रिकेट में कई सालों तक बंगाल के अहम खिलाड़ी रहने के रहने के अलावा दिलीप सौराष्ट्र का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

  • 24 Jun 2025 11:21 AM IST

    दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते हो सकती है गरज चमक के साथ बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट है जारी

    दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में प्री मानसून की दस्तक के बाद एक तरफ लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन उमस ज्यादा होने के चलते परेशानी हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते में येलो अलर्ट जारी कर रखा है और संभावना जताई है कि लोगों का सामना तेज बारिश और तेज हवा से भी हो सकता है। साथ ही रिमझिम फुहार भी जारी रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक येलो अलर्ट के 24 जून से लेकर 29 जून तक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस सप्ताह अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। वहीं, ह्यूमिडिटी का स्तर 55 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिससे उमस की स्थिति का सामना लोगो को करना पड़ेगा।

  • 24 Jun 2025 11:15 AM IST

    अमित मालवीय ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर उठाया सवाल, कांग्रेस ने दिया जवाब

    भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे पर सवाल उठाया। उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया, जिसका जवाब कांग्रेस ने तुरंत दिया। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते ही राहुल गांधी गुप्त विदेश यात्रा पर थे। अब, वे फिर से विदेश चले गए हैं—एक और अज्ञात स्थान पर। उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वो बार-बार गायब क्यों हो रहे हैं? ऐसी क्या मजबूरी है जो उन्हें इतनी बार देश से दूर रखती है? विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें भारत की जनता को जवाब देना चाहिए।

  • 24 Jun 2025 11:06 AM IST

    सैमसंग अमेरिका में गैलेक्सी जेड सीरीज के नए स्मार्टफोन करेगा पेश

    सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने मंगलवार को कहा कि कंपनी अगले महीने न्यूयॉर्क में अपना अगला 'गैलेक्सी अनपैक्ड' इवेंट आयोजित करेगी, जिसमें एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अल्ट्रा-स्लिम फोल्डेबल डिजाइन वाले लेटेस्ट गैलेक्सी जेड सीरीज स्मार्टफोन पेश किए जाएंगे। टेक दिग्गज ने घोषणा की कि नेक्स्ट जनरेशन गैलेक्सी डिवाइस को नए एआई-पावर्ड इंटरफेस के तहत फिर से तैयार किया जा रहा है, जिसे उनकी पूरी क्षमता को पेश करने के लिए बनाए गए बेहतरीन हार्डवेयर द्वारा सपोर्ट किया गया है।

  • 24 Jun 2025 11:00 AM IST

    सोने की कीमत गिरी

    भारतीय सर्राफा बाजार में सोना- चांदी (Gold- Silver) की कीमतों में बीते सप्ताह लगातार तेजी देखने को मिली थी। फिलहाल, नए सप्ताह में लगातार दूसरे दिन सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिली है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, और जयपुर जैसे शहरों में 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 92,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक हो गई है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 100,600 रुपए प्रति 10 ग्राम तक हो गई है। 

Created On :   24 Jun 2025 8:01 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story