Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 24 Jun 2025 10:50 AM IST
चांदी की कीमत स्थिर
भारतीय सर्राफा बाजार में सोना- चांदी (Gold- Silver) की कीमतों में बीते सप्ताह लगातार तेजी देखने को मिली थी। वहीं नए सप्ताह में लगातार दूसरे दिन चांदी की कीमत में राहत देखी गई है। बीते दिन के मुकाबले इसमें कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। जिसके बाद आज अधिकांश शहरों में सिल्वर 1,09,900 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है।
- 24 Jun 2025 10:42 AM IST
कच्चे तेल की कीमत गिरी
इजरायल-ईरान के बीच बीते 12 दिनों से जारी भीषण जंग के बाद सीजफायर की घोषणा से कच्चे तेल की कीमतें धड़ाम हो गई हैं। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (24 जून 2025) ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 1.72 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट के साथ 69.70 डॉलर आ गई हैं। जबकि, एक दिन पहले ब्रेंट क्रूड ऑयल 75.35 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया था।
- 24 Jun 2025 10:34 AM IST
भारतीय रुपया में तेजी
भारतीय रुपया में मंगलवार को बीते बंद के मुकाबले 64 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 86.11 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, एक दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 86.74 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को 86.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
- 24 Jun 2025 10:20 AM IST
निफ्टी 25100 के पार खुला
सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन (24 जून 2025, मंगलवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 208 अंकों की बढ़त के साथ 25,179.90 के स्तर पर खुला।
- 24 Jun 2025 10:10 AM IST
सेंसेक्स में 637 अंकों की तेजी
सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन (24 जून 2025, मंगलवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 637.82 अंकों की उछाल के साथ 82,534.61 के स्तर पर खुला।
- 24 Jun 2025 9:56 AM IST
जम्मू-कश्मीर राजौरी में दो गाड़ियों के बीच टक्कर, दो की मौत सात घायल
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां राजौरी-पुंछ हाईवे पर दो गाड़ियों के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये हादसा मंगलवार सुबह राजौरी-पुंछ हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि राजौरी से जम्मू जा रहे एक यात्री टेंपो की राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
- 24 Jun 2025 9:52 AM IST
गल्फ एयरस्पेस बंद होने का असर, चेन्नई से आने-जाने वालीं 11 उड़ानें रद्द
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा को प्रभावित किया है। कतर, यूएई और बहरीन के हवाई क्षेत्र बंद होने से चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें रद्द हुई हैं। ईरान के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमलों और अमेरिका के ईरानी परमाणु ठिकानों पर हवाई हमलों का सीधा असर हवाई सेवा पर पड़ा है। मंगलवार को ही चेन्नई हवाई अड्डे पर 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 6 प्रस्थान (डिपार्चर) और 5 आगमन (अराइवल) करने वाली फ्लाइट शामिल हैं।
- 24 Jun 2025 9:39 AM IST
ईरान-इजरायल सीजफायर पर सस्पेंस, ट्रंप का नया दावा- दोनों देश मेरे पास लेकर आए शांति प्रस्ताव
ईरान और इजरायल में सीजफायर पर सहमति को लेकर भ्रम की स्थिति के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नया दावा किया है। ट्रंप ने बताया कि इजरायल और ईरान लगभग एक साथ उनके पास आए थे और शांति की बात की।
- 24 Jun 2025 9:11 AM IST
इंडिगो ने मिडिल ईस्ट में फिर से उड़ानें शुरू करने का किया ऐलान
इंडिगो एयरलाइंस ने अस्थायी निलंबन के बाद मिडिल ईस्ट के लिए सावधानीपूर्वक उड़ान संचालन को फिर से शुरू कर दिया है। मिडिल ईस्ट के देश ईरान और इजरायल में तनाव के बीच इंडिगो ने मंगलवार को उड़ान शुरू करने की घोषणा की। सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी गई।
- 24 Jun 2025 8:58 AM IST
प्रेम, विलासिता और रिश्तों के ग्रह शुक्र, इनके दोषों से मुक्ति चाहिए तो इन मंदिरों में करें दर्शन
वैदिक ज्योतिष के अनुसार प्रेम, विलासिता और रिश्तों का ग्रह शुक्र को माना जाता है। शुक्र भौतिक सुख-सुविधाओं, विलासिता, प्रेम, अंतरंगता, आभूषण, जुनून, धन, दिखावट, कामुक संतुष्टि और जीवंतता का सूचक है।
Created On : 24 Jun 2025 8:01 AM IST