Breaking News: आज की बड़ी खबरें 25 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 25 Jun 2025 9:29 AM IST
मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया भारत में अवैध रूप से रह रहा म्यांमार का नागरिक
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन जांच के दौरान एक म्यांमार नागरिक को पकड़ा गया, जो जाली भारतीय दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान यू थांग सोए लियान (34) के रूप में हुई, जो बोइतलुंग सायमन के फर्जी नाम से दिल्ली में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी का कारण उसका हिंदी न बोल पाना और मिजोरम के बारे में बुनियादी जानकारी न दे पाना था, जिससे इमिग्रेशन अधिकारियों को शक हुआ।
- 25 Jun 2025 9:21 AM IST
इजरायल के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखेगा हूती समूह, अल-बुखैती ने किया ऐलान
यमन के हूती समूह ने घोषणा की है कि वह इजरायल के खिलाफ सैन्य अभियान को जारी रखेगा। हूती समूह का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के कुछ घंटों बाद आया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, हूती राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य मोहम्मद अल-बुखैती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में यह बात कही।
- 25 Jun 2025 8:39 AM IST
कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के चलते ईरान का कर रही समर्थन- श्रीराज नायर
मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच सैन्य तनाव वैश्विक मंच पर चिंता का कारण बन गया है। इस तनावपूर्ण स्थिति में भारत ने शांति और संयम की अपील करते हुए तटस्थ रुख अपनाया है। भारत की इस नीति को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है, लेकिन देश के भीतर इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी के ईरान समर्थक बयानों ने सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक को जन्म दिया है।
- 25 Jun 2025 8:30 AM IST
भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम का आह्वान किसने किया था- प्रियांक खड़गे
कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने ईरान और इजरायल के बीच में हुए युद्धविराम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ट्रंप के इरादे स्पष्ट नहीं हैं और उनके बयान कई सवाल खड़े करते हैं।
- 25 Jun 2025 8:15 AM IST
पुणे पालखी समारोह में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 24 लाख रुपए के माल बरामद
महाराष्ट्र के पुणे के पालखी समारोह में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हो गया है। वहीं, करीब 24 लाख के सामान भी बरामद किए गए हैं। संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज की पालखी यात्रा के दौरान पुणे शहर में बड़ी संख्या में वारकरी और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन और महिलाओं के गहने चुराने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुणे क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- 25 Jun 2025 8:07 AM IST
आपातकाल लोकतंत्र पर एक क्रूर हमला, मौलिक अधिकारों का किया गया दमन- कविंदर गुप्ता
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय करार दिया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 की रात जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया, वह लोकतंत्र पर एक क्रूर हमला था। इस दौरान मौलिक अधिकार छीन लिए गए, प्रेस की आजादी खत्म कर दी गई और पूरे देश को जेल में तब्दील कर दिया गया। न केवल राजनेता, बल्कि कोई भी व्यक्ति जो सरकार के खिलाफ बोलता था, उसे जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाता था। दहशत का माहौल था। पुलिस कम कांग्रेस के नेता ज्यादा निर्देश देते थे।
Created On :   25 Jun 2025 8:00 AM IST