Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 26 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
26 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 26 Jun 2025 10:30 AM IST

    भारतीय रुपया में गिरावट

    भारतीय रुपया में गुरुवार की सुबह बीते दिन के मुकाबले गिरावट देखने को मिली और यह 86.09 के करीब खुला। जबकि, एक दिन पहले बुधवार की सुबह रुपया 86 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 86.09 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

  • 26 Jun 2025 10:20 AM IST

    निफ्टी 25300 के करीब

    मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (26 जून 2025, गुरुवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 38.80 अंक यानि कि 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,283.55 के स्तर पर खुला।

  • 26 Jun 2025 10:11 AM IST

    सेंसेक्स 103 अंक उछला

    मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (26 जून 2025, गुरुवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 103.42 अंक यानि कि 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,858.93 के स्तर पर खुला।

  • 26 Jun 2025 9:57 AM IST

    'डकैत' की तैयारी में जुटे अदिवी शेष, बोले - 'फिल्मों में पहली बार कर रहा हूं प्रेम कहानी'

    अभिनेता अदिवी शेष इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'डकैत' की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस फिल्म को लेकर उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब वह पूरी तरह से एक प्रेम कहानी में पूरी तरह उतर रहे हैं। इस फिल्म में अदिवी शेष की जोड़ी एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर के साथ नजर आएगी। यह इस साल 25 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

  • 26 Jun 2025 9:48 AM IST

    एमएलसी 2025 सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने लगाया 'जीत का छक्का', प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई

    सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) के 16वें मैच में जीत दर्ज की। इस टीम ने सिएटल ओर्कास को 32 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह सीजन में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की लगातार छठी जीत है, जिसके साथ टीम ने प्वाइंट्स टेबल में पहले पायदान को मजबूत कर लिया है। वहीं, सिएटल ओर्कास लगातार पांचवीं हार के साथ सबसे निचले पायदान पर है। इस टीम ने अभी जीत का खाता तक नहीं खोला है।

  • 26 Jun 2025 9:37 AM IST

    मध्य प्रदेश में अवैध निर्माण बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं मंत्री- विश्वास सारंग

    मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने गुरुवार को हमीदिया कॉलेज के पास बने धार्मिक स्थल को कानून को ताक पर रख कर बनाया बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन 'लैंड जिहाद' को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस तरह के अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी रहेगी।

  • 26 Jun 2025 9:23 AM IST

    मेक्सिको स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी, 12 की मौत, 20 घायल

    मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य में स्थित इरापुआटो में सेंट जॉन द बैपटिस्ट के सम्मान में आयोजित एक उत्सव के दौरान बंदूकधारियों ने गोलीबारी की, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा 20 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।

  • 26 Jun 2025 9:13 AM IST

    आतंकवाद के केंद्र अब सुरक्षित नहीं, हम उन्हें निशाना बनाने में संकोच नहीं करेंगे राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चीन के किंगदाओ में शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। गुरुवार को राजनाथ सिंह ने पहलगाम हमलों के बाद शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया। उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा है कि कुछ देश सीमा पार आतंकवादियों को पनाह देते हैं।

  • 26 Jun 2025 8:59 AM IST

    आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि है खास, नगर भ्रमण पर निकलते हैं भगवान जगन्नाथ

    आषाढ़ मास की द्वितीया तिथि पर भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र और सुभद्रा के साथ भ्रमण पर निकलते हैं। शुक्रवार, 27 जून, 2025 को जगन्नाथ रथयात्रा का त्योहार मनाया जाएगा। दृक पंचांग के अनुसार, 27 जून को आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि है। सूर्योदय सुबह 5:09 और सूर्यास्त शाम 6:52 बजे होगा। विशेष समय जग के नाथ जगन्नाथ अपने भाई और बहन संग भ्रमण पर निकलेंगे।

  • 26 Jun 2025 8:35 AM IST

    उत्तर प्रदेश के सीतापुर में 17 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत

    उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर के तालाब में डूबकर मरने की खबर है। किशोर अमावस्या के अवसर पर मंदिर पहुंचा था, जहां तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को ग्राम बस्तीपुरवा निवासी 17 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह तालाब में हाथ धो रहा था। पैर फिसल जाने की वजह से वह उसमें गिर गया, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।

Created On :   26 Jun 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story