Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 26 Oct 2025 12:55 PM IST
'संस्कृत' में क्रिकेट सिखा रहे यश सालुंड्के, पीएम मोदी ने 'मन की बात' में सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 127वें एपिसोड में 'संस्कृत' भाषा पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने संस्कृत में कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स यश सालुंड्के को सराहा, जो इस भाषा के साथ युवाओं को क्रिकेट के गुर सिखा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'संस्कृत' का नाम सुनते ही हमारे मन-मस्तिष्क में हमारे धर्मग्रंथ, वेद, उपनिषद, पुराण, शास्त्र, प्राचीन ज्ञान-विज्ञान, आध्यात्म और दर्शन आते हैं, लेकिन एक समय इन सभी के साथ-साथ 'संस्कृत' बातचीत की भी भाषा थी। उस युग में अध्ययन और शोध संस्कृत में ही किए जाते थे। नाट्य मंचन भी संस्कृत में ही होते थे, लेकिन दुर्भाग्य से गुलामी के कालखंड में भी और आजादी के बाद भी संस्कृत लगातार उपेक्षा का शिकार हुई। इस वजह से युवा पीढ़ियों में संस्कृत के प्रति आकर्षण भी कम होता चला गया, लेकिन अब समय बदल रहा है। संस्कृत का भी समय भी बदल रहा है। संस्कृति और सोशल मीडिया की दुनिया ने संस्कृत को नई प्राणवायु दे दी है।
- 26 Oct 2025 12:44 PM IST
7 नवंबर को मनाया जाएगा वंदे मातरम का 150वां उत्सव, पीएम मोदी ने 'मन की बात' में लोगों से मांगे सुझाव
भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें साल पूरे होने का 7 नवंबर को जश्न मनाया जाएगा। इसे लेकर पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 127वें एपिसोड में कहा कि 7 नवंबर को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम 150वें वर्ष में प्रवेश करेगा। वंदे मातरम हमारी देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का शाश्वत प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा, "मन की बात में एक ऐसे विषय की बात, जो हम सबके दिलों के बेहद करीब है। ये विषय है हमारे राष्ट्रीय गीत का—भारत के राष्ट्रीय गीत यानी वंदे मातरम। एक ऐसा गीत, जिसका पहला शब्द ही हमारे ह्रदय में भावनाओं का उफान ला देता है। वंदे मातरम इस एक शब्द में कितने भाव हैं, कितनी ऊर्जाएं हैं। सहज भाव में ये हमें मां-भारती के वात्सल्य का अनुभव कराता है। यही हमें मां-भारती की संतानों के रूप में अपने दायित्वों का बोध कराता है।"
- 26 Oct 2025 12:32 PM IST
बिहार की जनता को विकास पसंद, बनेगी भारी बहुमत से एनडीए सरकार दिलीप जायसवाल
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दावा किया है कि एनडीए भारी बहुमत से अगली सरकार बनाने जा रही है। पटना में आईएएनएस से बातचीत के दौरान बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि बिहार के मतदाता और जनता नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और बिहार में एनडीए सरकार दो-तिहाई बहुमत के साथ बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार का समग्र माहौल दर्शाता है कि जनता विकास के पक्ष में है, जो हमेशा से एनडीए का प्रमुख एजेंडा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास को प्राथमिकता देती है और एनडीए का मुख्य उद्देश्य विकसित बिहार के सपने को साकार करना है।
- 26 Oct 2025 12:23 PM IST
केरल में भूस्खलन से घर मलबे में तब्दील, एक की मौत, सात घंटे चले ऑपरेशन में पत्नी को बचाया गया
केरल में इडुक्की जिले के आदिमाली में भूस्खलन से एक घर ढह गया। मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आपातकालीन टीमों और स्थानीय निवासियों ने सात घंटे तक बचाव अभियान चलाया और घायल महिला को निकाला। हादसा शनिवार रात लगभग 10:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान बीजू के रूप में हुई है। हादसे के वक्त बीजू और संध्या घर में थे। उनके घर के पीछे की पहाड़ी का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया और घर पर आ गिरा।
- 26 Oct 2025 12:07 PM IST
'मन की बात' में पीएम मोदी ने गार्बेज कैफे का किया जिक्र, जहां प्लास्टिक कचरा ले जाने पर मिलता है खाना
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी पर 'मन की बात' कार्यक्रम के 127वें एपिसोड में बातचीत की। मन की बात में पीएम मोदी ने स्वच्छता को लेकर बात की। पीएम मोदी ने अंबिकापुर और बेंगलुरु में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के बारे में बताया। पीएम मोदी ने जिन दो किस्सों का जिक्र किया, वह बेहद प्रेरणादायक हैं। पीएम मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के 127वें एपिसोड में कहा, "साथियों, स्वच्छता और स्वच्छता के प्रयास पर भी मुझे ढेर सारे संदेश मिले हैं। मैं आपसे देश के अलग-अलग शहरों की ऐसी गाथाएं साझा करना चाहता हूं जो बहुत प्रेरणादायक हैं।"
- 26 Oct 2025 11:53 AM IST
महागठबंधन की सरकार बनी तो पंचायत और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना होगा तेजस्वी यादव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पंचायत और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐलान किया कि यदि महागठबंधन की सरकार बिहार में सत्ता में आती है, तो त्रिस्तरीय पंचायत और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। पटना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। अगर महागठबंधन की सरकार सत्ता में आती है, तो हम अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैंने कभी किसी का नुकसान नहीं किया, न ही किसी को मुझसे शिकायत है। बिहार की जनता ने पिछली सरकार को 20 साल का समय दिया और अब हम केवल 20 महीने मांग रहे हैं।
- 26 Oct 2025 11:43 AM IST
जहां कभी था माओवादी आतंक का अंधेरा, ऑपरेशन सिंदूर ने खुशी के दीप जलाए प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविवार को एक बार फिर 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया है। इस बार उन इलाकों में भी खुशियों के दीप जलाए गए, जहां कभी माओवादी आतंक का अंधेरा छाया रहता था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोग उस माओवादी आतंक का जड़ से खात्मा चाहते हैं जिसने उनके बच्चों का भविष्य संकट में डाल दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत में त्योहारों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में देशवासियों के नाम एक पत्र लिखा था, जिसमें देश की उपलब्धियों का जिक्र किया गया था, जिससे इस बार त्योहारों की रौनक और बढ़ गई है। इस पत्र के जवाब में देश के अनेक नागरिकों ने उन्हें संदेश भेजे हैं।
- 26 Oct 2025 11:25 AM IST
मलेशिया में रेड कार्पेट पर थिरके ट्रंप, पारंपरिक डांस के साथ हुआ अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मलेशिया आगमन होने पर उनका भव्य तरीके से स्वागत किया गया। ट्रंप अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने मलेशिया का दौरा किया। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 2014 में और लिंडन जॉनसन ने 1966 में मलेशिया का दौरा किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति का कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर मलेशियाई अधिकारियों और दर्शकों की भीड़ ने स्वागत किया। इस मौके पर मलेशिया के पारंपरिक डांस के साथ राष्ट्रपति का स्वागत हुआ। रेड कार्पेट पर अमेरिकी राष्ट्रपति भी डांस कर रहे कलाकारों के साथ थिरकने लगे। इस समिट में जाने का मुख्य कारण कंबोडिया और थाईलैंड के साथ हुए युद्धविराम के समझौते पर हस्ताक्षर करना है।
- 26 Oct 2025 11:16 AM IST
'थामा' की 100 करोड़ क्लब में एंट्री, 'एक दीवाने की दीवानियत' की कमाई भी जारी
दीपावली के मौके पर सिनेमाघरों में आयुष्मान खुराना व रश्मिका मंदाना की ''थामा'' और हर्षवर्धन राणे व सोनम बाजवा की ''एक दीवाने की दीवानियत'' रिलीज हुई। दोनों फिल्मों की कहानी और जॉनर एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, लेकिन दर्शकों के बीच दोनों को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। 'थामा' अपने रोमांटिक हॉरर-कॉमेडी अंदाज से लोगों को लुभा रही है, वहीं 'एक दीवाने की दीवानियत' अपने इमोशन, रोमांस और म्यूजिक की वजह से चर्चा में है। रिलीज के बाद से ही दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर नजरें टिकी हुई हैं, और अब पांच दिनों के आंकड़े सामने आ चुके हैं।
- 26 Oct 2025 11:00 AM IST
'पूरो' हमेशा मेरे दिल में रहेगी, 'पिंजर' के 22 साल पूरे होने पर उर्मिला मातोंडकर ने याद किए पुराने दिन
हिंदी सिनेमा के अलावा तेलुगू, तमिल और मराठी फिल्मों से फैंस का दिल जीतने वाली एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर किसे याद नहीं हैं। एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर और मनोज बाजपेयी की साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'पिंजर' ने 22 साल पूरे कर लिए हैं। एक्ट्रेस ने रविवार को इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों और फोटोज को शेयर किया है। फिल्म के पोस्टर में उर्मिला यानी 'पूरो' मनोज बाजपेयी के साथ दिख रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "पिंजर ने 22 साल पूरे कर लिए हैं और 'पूरो' हमेशा मेरे दिल में रहेगी।
Created On :   26 Oct 2025 7:56 AM IST












