Breaking News: आज की बड़ी खबरें 27 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 28 Aug 2025 1:27 AM IST
एमके स्टालिन बिहारियों का अपमान करते हैं - उपेंद्र कुशवाहा
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "ये (एम.के. स्टालिन) ऐसे लोग हैं जो अपने राज्य में बिहारियों का अपमान करते हैं और फिर यहां आकर बिहार की जनता से उम्मीदें रखते हैं, ऐसे लोगों को बिहार नहीं आना चाहिए, जनता सब समझती है।"
- 28 Aug 2025 1:22 AM IST
राहुल गांधी को समझ नहीं आ रहा है कि अमित शाह ने कुछ गलत नहीं कहा - केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "राहुल गांधी को समझ नहीं आ रहा है कि अमित शाह ने कुछ गलत नहीं कहा है, 50 साल कम कहा, भाजपा उससे भी लंबे समय तक रहेगी क्योंकि 5 पीढ़ी, नेहरू से लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी तक 5 दशक कांग्रेस ने शासन किया लेकिन गरीबी नहीं मिटी। प्रधानमंत्री मोदी ने बिजली पहुंचाई, 27 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर निकाला, उन्हें घर दिया, शौचालय दिया, गैस चूल्हा दिया, 5 लाख रुपये का इलाज दिया, वे चिल्लाते रहें लेकिन जनता प्रधानमंत्री को पसंद करती है।"
- 28 Aug 2025 1:04 AM IST
आरएसएस को अभी 1 हजार वर्ष पूरे करने हैं - मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने RSS शताब्दी समारोह पर कहा, "इस यात्रा को अभी 100 वर्ष पूरे हुए हैं, अभी इसे 1000 वर्ष और पूरे करने हैं। इस यात्रा की उपलब्धियों पर गौर करें, संघ ने किस प्रकार भारत को जोड़ा है, कर्मयोगी भारत बनाने की जो प्रेरणा दी है, वह महत्वपूर्ण है... आज हमने संघचालक (मोहन भागवत) को सुना। देश और दुनिया के लोग उन्हें सुनेंगे तो समझ पाएंगे कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कितना बड़ा अभियान है।"
- 28 Aug 2025 12:39 AM IST
बस्तर क्षेत्र के बीजापुर में 30 नक्सलियों का पुनर्वास किया - डिप्टी सीएम विजय शर्मा
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, "बस्तर क्षेत्र के बीजापुर में 30 नक्सलियों का पुनर्वास किया गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या में से एक है। यह छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति, जवानों की बहादुरी और सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है। हम नक्सलियों से बार-बार अपील करते हैं कि वे मुख्यधारा में आएं और अपना जीवन सुधारें..."
- 28 Aug 2025 12:12 AM IST
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देशवासियों को दी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "देशवासियों को मेरी तरफ से गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं। देश प्रगति की राह पर आगे बढ़े। दिल्ली विकसित भारत की ताल में ताल मिलाए ऐसी कामना करते हैं। मैं जहां भी जा रही हूं वहां देखने को मिल रहा है कि लोगों ने गणपति को ऑपरेशन सिंदूर की थीम के साथ जोड़ा है।"
- 28 Aug 2025 12:07 AM IST
27-31 अक्टूबर तक मुंबई में किया जाए इंडियन मैरीटाइम वीक 2025 का आयोजन - केंद्रीय मंत्री मंत्री सर्बानंद सोनोवाल
केंद्रीय बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "इंडियन मैरीटाइम वीक 2025 का आयोजन 27-31 अक्टूबर तक मुंबई में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लक्ष्य 2047 तक शीर्ष पाँच जहाज निर्माण करने वाले देशों में से एक बनना है। यह आयोजन वैश्विक मानकों के अनुरूप अपनी समुद्री सुविधाओं का आधुनिकीकरण करने के भारत के दृष्टिकोण को दर्शाता है।"
- 27 Aug 2025 10:27 PM IST
अगर बिहार के युवाओं को कुछ हो जाता, तो उन्हें शहीद का दर्जा भी नहीं मिलता - राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "पहले लोग सेना में भर्ती होते थे और पेंशन पाते थे। क्या हुआ? अग्निवीर हुआ। फायदा किसे हुआ? अडानी और अंबानी को। अगर बिहार के युवाओं को कुछ हो जाता, तो उन्हें शहीद का दर्जा भी नहीं मिलता। क्योंकि वे अग्निवीर हैं।"
- 27 Aug 2025 10:10 PM IST
राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ अच्छी बातचीत हुई - नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा: "राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ अच्छी बातचीत हुई। फ़िनलैंड EU का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। व्यापार, प्रौद्योगिकी और स्थिरता जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। यूक्रेन में संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए चल रहे प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
- 27 Aug 2025 9:59 PM IST
रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ भाजपा की वरिष्ठ नेता और पार्टी की मातृ शक्ति कही जाने वाली रजनी ताई उपासने का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वह रायपुर की पहली महिला विधायक थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रही थीं। उनके निधन पर सीएम विष्णुदेव साय समेत पार्टी के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
- 27 Aug 2025 9:44 PM IST
पीएम मोदी और फिनलैंड के राष्ट्रपति के बीच फोन पर बातचीत, यूक्रेन संघर्ष को लेकर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को फिनलैंड गणराज्य के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने फोन किया और दोनों देशों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रपति स्टब ने वॉशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच हाल ही में हुई बैठकों पर अपने विचार साझा किए, जिनका उद्देश्य यूक्रेन संघर्ष के समाधान को आगे बढ़ाना था।
Created On :   27 Aug 2025 8:02 AM IST












