Breaking News: आज की बड़ी खबरें 29 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 29 Jun 2025 11:14 AM IST
चिनाब ब्रिज से लेकर हिमालय की चोटियों तक गूंजा योग,'मन की बात' में पीएम मोदी ने की प्रशंसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 123वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' की भव्यता और उसकी वैश्विक स्वीकृति को उजागर किया। उन्होंने कहा, ''आप सब इस समय योग की ऊर्जा और 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' की स्मृतियों से भरे होंगे।'
- 29 Jun 2025 11:06 AM IST
बांग्लादेश हिंदू महिला से दुष्कर्म, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
बांग्लादेश के कुमिल्ला जिले के मुरादनगर क्षेत्र में एक 25 वर्षीय हिंदू महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बाद में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ढाका टाइम्स के अनुसार, आरोपी की पहचान फज्र अली के रूप में हुई है। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पूरी घटना की जानकारी रविवार सुबह कुमिल्ला जिला पुलिस अधीक्षक नजीर अहमद खान ने प्रेस रिलीज में दी है।
- 29 Jun 2025 10:49 AM IST
श्रीलंकाई नौसेना ने रामेश्वरम से आठ भारतीय मछुआरों को किया अरेस्ट
तमिलनाडु के आठ मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार तड़के गिरफ्तार किया है। इन मछुआरों पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करके श्रीलंकाई जलक्षेत्र में घुसने का आरोप है। यह मछुआरे शनिवार रात को रामेश्वरम से निकले थे। मछुआरों को उनकी नाव के साथ हिरासत में लिया गया है। मछुआरों के साथ नाव को भी श्रीलंकाई नौसेना के अधिकारियों ने जब्त कर लिया है।
- 29 Jun 2025 10:13 AM IST
पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़, 3 की मौत, 50 श्रद्धालु घायल
ओडिश के पुरी में एक बड़ा हादसा हुआ है। जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि श्री गुंडिचा मंदिर के पास रविवार (29 जून) को यह हादसा हुआ।
- 29 Jun 2025 9:53 AM IST
असम ब्रह्मपुत्र का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित, स्थानीय लोगों के सामने भोजन-पानी की चुनौती
असम में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यहां पिछले तीन-चार दिनों से ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे बसे इलाकों में पानी घुस गया है। इससे स्थानीय लोगों को बहुत परेशानी हो रही है और उनकी दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है।
- 29 Jun 2025 9:40 AM IST
‘जब पुलिस सोती है तो उसे जगाना जरूरी’, हिरासत से छूटने के बाद बोले केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार को एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को रविवार सुबह रिहा कर दिया गया है। रिहाई के बाद सुकांत मजूमदार ने कहा कि मेरे साथ 32 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी रात लालबाजार में बिताई है।
- 29 Jun 2025 9:25 AM IST
भूकंप के झटके से कांपा पाकिस्तान
पाकिस्तान में रविवार को भूकंप महसूस किया गया, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप तड़के करीब 3:54 बजे महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (एनसीएस) के अनुसार इस भूकंप का केंद्र अक्षांश 30.25 डिग्री नॉर्थ, देशांतर 69.82 डिग्री ईस्ट पर था। भूकंप जमीन से 150 किलोमीटर की गहराई पर आया।
- 29 Jun 2025 9:13 AM IST
भारत ने किया पाक के बयान को खारिज, जानें मामला
पाकिस्तान में हुए आत्मघाती हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने पड़ोसी मुल्क के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें भारत को हमले का दोषी ठहराया गया था। दरअसल, शनिवार को पाक के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के वजीरिस्तान में हमलावरों ने सैन्य काफिले को आता देख बम से भरी हुई गाड़ी भिड़ा दी। इस हमले में 13 जवानों की मौत और 25 जख्मी हुए।
- 29 Jun 2025 8:58 AM IST
एमएलसी 2025 मिशेल ओवेन ने खोला 'पंजा', प्लेऑफ में वाशिंगटन फ्रीडम
वाशिंगटन फ्रीडम ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 के 19वें मैच में जीत दर्ज की। इस टीम ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 12 रन से शिकस्त दी। इसी के साथ टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स पहले ही अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
- 29 Jun 2025 8:38 AM IST
चुनाव के कारण जानबूझकर भाषा विवाद को मुद्दा बना रहा विपक्ष योगेश कदम
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री एवं शिवसेना के वरिष्ठ नेता योगेश कदम ने शनिवार को प्रदेश में मराठी भाषा को लेकर हो रहे विवाद पर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष पर आगामी चुनाव में हार से बचने के लिए इस विवाद को बढ़ाने का आरोप लगाया।
Created On :   29 Jun 2025 8:00 AM IST