Breaking News: आज की बड़ी खबरें 3 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें  3 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 3 Nov 2025 4:55 PM IST

    2020 की तरह 2025 में भी तेजस्वी का टूटेगा सपना, बिहार को जंगलराज नहीं चाहिए नित्यानंद राय

    केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आएंगे और 18 नवंबर को वे शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि 2020 की तरह 2025 में भी तेजस्वी का सपना टूटेगा, बिहार को जंगलराज नहीं चाहिए। तेजस्वी यादव ने 2 नवंबर को हुई कई चुनावी सभाओं में चुनाव जीतने का दावा किया। उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव का दावा है कि वे 18 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे सपना देख रहे हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने दो दिनों तक ऐसे ही सपने देखे थे। इस बार भी उनका सपना पूरा नहीं होगा। बिहार की जनता विकास चाहती है, जंगलराज नहीं।

  • 3 Nov 2025 4:45 PM IST

    'पिता का नाम छिपाने में क्यों शर्म आ रही', तेजस्वी यादव पर प्रधानमंत्री मोदी की तीखी टिप्पणी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें 'जंगलराज का युवराज' बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने राजद के पोस्टरों में लालू प्रसाद यादव की छोटी तस्वीरों को लेकर भी कटाक्ष किया है। बिहार के कटिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जो सालों साल तक मुख्यमंत्री रहे, बिहार में जंगलराज लाए, उनकी तस्वीरें राजद-कांग्रेस के पोस्टर से या तो गायब हैं या एक कोने में बहुत छोटी लगाई हैं, जो दूरबीन से भी नहीं दिखती हैं।" राजद पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा, "जो इतने बड़े नेता (लालू प्रसाद यादव) थे, जिनके परिवार के सारे लोग चुनाव के मैदान में हैं, फिर ये छुपन-छुपाई क्यों हो रही है? पिता का नाम छिपाने में शर्म क्यों आ रही है? वह कौन-सा पाप है, जिसको राजद के लोगों को बिहार की जनता से छिपाना पड़ रहा है?"

  • 3 Nov 2025 4:32 PM IST

    बिहार में अभी है जंगल राज और एनडीए 2005 के पहले की करता है बात सुरेंद्र राजपूत

    बिहार के मोकामा में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज देखने को मिल रहा है और वे 20 साल पहले की बात कर रहे हैं। आज खुलेआम हत्या हो रही है और सरकार अपना काम नहीं देख रही है। सुरेंद्र राजपूत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज बिहार में जंगलराज देखने को मिल रहा है। जिस पर हत्या का आरोप है, सरकार उसे वीआईपी व्यवस्था दे रही है और ये लोग 2005 के पहले वाली सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। अगर वे वीआईपी व्यवस्था न देते तो उसे मोकामा की जेल में होना चाहिए था। यह सब सरकार इसलिए कर रही है क्योंकि वह सत्ताधारी पार्टी के प्रत्याशी हैं।"

  • 3 Nov 2025 3:40 PM IST

    जलेबी-मछली पकड़नी थी तो राहुल गांधी रसोइया बनते, राजनीति में क्यों आए तेज प्रताप यादव

    जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मछली पकड़ने के लिए तालाब में कूद जाते हैं। कभी जलेबी बनाने लग जाते हैं। अगर उन्हें मछली पकड़ना और जलेबी बनाना इतना ज्यादा पसंद है तो वे राजनीति में क्यों आए? जाकर रसोइया बन जाते। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने अपने अंदाज में कहा कि देश अंधकार में जा रहा है और राहुल गांधी मछली पकड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का काम ही मोटरसाइकिल चलाना और प्रदूषण फैलाना है। राहुल गांधी जिंदगी भर मछली ही पकड़ते रहेंगे क्योंकि रोजगार की बात हो नहीं रही है। अगर मछली और जलेबी बनाना पसंद है तो रसोइया बन जाइए, राजनीति में क्या कर रहे हैं।

  • 3 Nov 2025 3:31 PM IST

    कटिहार में पीएम मोदी की रैली को लेकर लोग उत्साहित, कहा- सरकार ने गरीबों के लिए चलाई कई योजनाएं

    बिहार के कटिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। लोगों ने कहा कि बिहार में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है और इसका बड़ा श्रेय राज्य सरकार की नीति और केंद्र की सहायता को जाता है। रैली में शामिल होने जा रहे एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है, हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे कटिहार आए हैं। यह जगह ऐतिहासिक है। महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के मामले में बिहार ने जो काम किया है, वह पूरे देश में मिसाल है। चाहे पुलिस विभाग में भर्ती की बात हो या रोजगार में 35 प्रतिशत आरक्षण, महिलाओं को बहुत अवसर दिए गए हैं।"

  • 3 Nov 2025 3:24 PM IST

    'तेरे इश्क में' में काम करने के अनुभव पर बोले प्रियांशु पेन्युली, 'धनुष और कृति से सीखी अभिनय की बारिकियां'

    बॉलीवुड में इस साल दर्शकों के लिए रोमांचक खबर है। फिल्मकार आनंद एल राय अपनी नई फिल्म 'तेरे इश्क में' के साथ फिर से बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाले हैं। इस फिल्म में अभिनेता धनुष और अभिनेत्री कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में हैं, और अब इसमें प्रियांशु पेन्युली भी शामिल हो गए हैं। प्रियांशु अपने अलग अंदाज और दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में प्रियांशु पेन्युली ने अपने अनुभव के बारे में बात की और कहा, ''फिल्म 'तेरे इश्क में' का हिस्सा बनना मेरे करियर के लिए एक खास अवसर है। मशहूर निर्देशक आनंद एल राय के साथ काम करना सौभाग्य की बात है। धनुष और कृति से अभिनय की बारीकियां समेत बहुत कुछ सीखने को मिला। वे प्रतिभाशाली कलाकार हैं। इनके साथ स्क्रीन साझा करना बेहद रोमांचक अनुभव रहा। मैं इसे अपने जीवन के एक खास अध्याय के रूप में देख रहा हूं। ऐसे मौके हर किसी को नहीं मिलते और इसे पाने पर मुझे गर्व है।''

  • 3 Nov 2025 3:10 PM IST

    उमर अब्दुल्ला सरकार ने किया 'दरबार मूव', चार महीने के लिए जम्मू होगी राजधानी

    अगले चार महीने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जम्मू से चलेगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लगभग चार साल बाद 'दरबार मूव' की बहाली की। इसके तहत सरकार सर्दियों के अगले छह महीनों यानी अप्रैल के अंत तक जम्मू स्थित सिविल सचिवालय से काम करेगी। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्री और लगभग सचिवालयों से जुड़े लगभग सभी सरकारी कर्मचारी जम्मू पहुंच चुके हैं।

  • 3 Nov 2025 3:02 PM IST

    इन्हें न खुद की फिक्र और न ही सामने से आने वाले की जान की परवाह

    बाइक चलाते समय मोबाइल पर बात करना कितना खतरनाक हो सकता है, यह बात हम सभी अच्छी तरह से जानते हैं। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहन दौड़ा रहे लोग इन तमाम बातों को पूरी तरह से भुला चुके हैं। यही वजह है कि बाइक और स्कूटी चलाते समय मोबाइल पर कॉल रिसीव करना और नंबर डाॅयल करने से लेकर मैसेज तक करना आम बात होती जा रही है।

  • 3 Nov 2025 2:46 PM IST

    चार दिन पूर्व ही हुआ सुधार, फिर अटकने लगी लिफ्ट, बढ़ी परेशानी

    जिला मुख्यालय कार्यालय कलेक्ट्रेट में पहली मंजिल में जाने के लिए एक लिफ्ट लगाई गई है। यह लिफ्ट खासकर बुजुर्गों की सुविधा के लिए लगाई गई है मगर पिछले कई दिनों से यह कभी चालू तो कभी बंद रहती है। एक माह बाद चार दिन पूर्व ही इसका सुधार हुआ था मगर अब फिर से यह अटकने लगी है।

  • 3 Nov 2025 2:36 PM IST

    ये कैसी वर्किंग- एनएमटी का आधा हिस्सा खाली करा रहे, बाकी काे भगवान भरोसे छोड़ा

    नगर निगम की वर्किंग को लेकर जब-तब सवाल उठते रहते हैं, ताजा मामला कटंगा से लेकर गौरीघाट तक की एनएमटी (नॉन-मोटराइज्ड ट्रैक) का सामने आया है। नगर निगम ने कटंगा से बंदरिया तिराहे तक एनएमटी की साफ-सफाई और अतिक्रमण मुक्त करने का काम शुरू कर दिया है।

Created On :   3 Nov 2025 8:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story