Breaking News: आज की बड़ी खबरें 03 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 4 Sept 2025 1:01 AM IST
विदेश नीति को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा, बताए मायने
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "विदेश नीति क्या होती है इसका मतलब होता है कि आप राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। रणनीतिक मुद्दे पर आपकी विदेश नीति क्या है, रणनीतिक मुद्दे पर राष्ट्रहित कैसे ऊपर रहेगा? विदेश नीति का मतलब इनको (पीएम मोदी) लगता है कि दस मिनट आप किसी के साथ बैठ जाना। आपके बैठने के दस मिनट बाद पुतिन पाकिस्तान की बात कर रहे हैं , पाकिस्तान को महान बता रहे हैं तो आपकी विदेश नीति नहीं आप तो खुद फैल हो गए।"
- 4 Sept 2025 12:30 AM IST
पीएम मोदी ने जीएसटी स्लैब सुधार के लेकर कही ये बात
प्रधानमंत्री ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार आम आदमी की जिंदगी को आसान बनाने का काम करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण के दौरान मैंने जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार लाने के हमारे इरादे के बारे में बात की थी। केंद्र सरकार ने व्यापक जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने और प्रक्रियागत सुधारों के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया था, जिसका उद्देश्य आम आदमी के जीवन को आसान बनाना और अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।"
- 3 Sept 2025 11:56 PM IST
दिल्ली नशे में थार चालक ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
दिल्ली के राजेंद्र नगर में बुधवार को सड़क हादसा हो गया, जिसमें नशे में धुत एक युवक ने तेज रफ्तार थार से स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
- 3 Sept 2025 11:45 PM IST
पान मसाला, गुटखा और सिगरेट पर लगेगा 40 प्रतिशत जीएसटी, विमान भी महंगा
जहां केंद्र सरकार ने आवश्यकता की वस्तुओं पर जीएसटी शून्य कर दिया है तो वहीं विलासिता और हानिकारक वस्तुओं पर टैक्स बढ़ा दिया है। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में तंबाकू उत्पादों पर 40 प्रतिशत टैक्स लगाने पर मुहर लगी।
- 3 Sept 2025 10:56 PM IST
एशिया कप हॉकी भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सुपर 4 का मैच ड्रॉ रहा
बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में खेले जा रहे हॉकी एशिया कप के सुपर में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच खेला मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। आखिरी मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों में से कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी।
- 3 Sept 2025 10:30 PM IST
यमुना का जलस्तर बना मुसीबत, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी, कई रास्तों पर भारी जाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका सीधा असर शहर के ट्रैफिक पर भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को कुछ खास मार्गों से बचने की सलाह दी है।
- 3 Sept 2025 10:02 PM IST
एसएल4 पैरा बैडमिंटन श्रेणी में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी बने सुकांत कदम
भारतीय पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी सुकांत कदम एसएल4 श्रेणी में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए हैं। कदम की यह शानदार उपलब्धि है। उन्होंने पहली बार शीर्ष रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि हालिया वर्षों में उनके अथक समर्पण का परिणाम है।
- 3 Sept 2025 9:32 PM IST
पंजाब शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को करेंगे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
पंजाब के सीमावर्ती जिलों में आई बाढ़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें डूब गई है और कई गांवों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मुद्दे पर बयान दिया है।
- 3 Sept 2025 9:01 PM IST
गुजरात के लोथल पहुंचे नौसेना प्रमुख, राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का किया दौरा
भारतीय नौसेना प्रमुख, एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बुधवार 03 सितम्बर को गुजरात के लोथल में स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा किया। नौसेना प्रमुख ने यहां पर कई महत्वपूर्ण नौसेनिक उपकरणों व अत्याधुनिक हथियारों के विशाल संग्रह का अवलोकन किया।
- 3 Sept 2025 8:23 PM IST
'द हंड्रेड' में शानदार प्रदर्शन का इनाम, इंग्लैंड टी20 टीम में शामिल हुए जॉर्डन कॉक्स
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने 24 साल के बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को 'द हंड्रेड' में उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी का इनाम दिया है। कॉक्स को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम में शामिल किया गया है।
Created On :   3 Sept 2025 8:04 AM IST












