Breaking News: आज की बड़ी खबरें 30 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 30 May 2025 6:32 PM IST
रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राजदूत द्वारा आयोजित लंच इंटरेक्शन में हिस्सा लिया
डेनमार्क के कोपेनहेगन में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राजदूत द्वारा आयोजित लंच इंटरेक्शन में हिस्सा लिया, जिसमें डेनमार्क के संसद सदस्य फ्रेडी स्वेन, मनु सरीन, हेले डेगन और नील्स अहलमान-ओल्सेन शामिल थे।
- 30 May 2025 6:28 PM IST
उत्तरी सिक्किम के मुन्सिथांग में लापता पर्यटकों की तलाश जारी
उत्तरी सिक्किम के मुन्सिथांग में बचाव कार्य जारी है, जहाँ सेना के जवान, ITBP, सिक्किम पुलिस और उत्तरी सिक्किम ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य लापता पर्यटकों की तलाश कर रहे हैं।
29 मई की रात को, लाचेन से लाचुंग जाते समय मंगन जिले के चुबोम्बु के पास एक पर्यटक वाहन तीस्ता नदी में गिर गया। वाहन में 11 लोग सवार थे जिसमें 10 पर्यटक और एक स्थानीय चालक शामिल हैं। DC अनंत जैन ने बताया कि अब तक एक शव बरामद किया गया है, 8 (चालक सहित) अभी भी लापता हैं और 2 को STNM अस्पताल, गंगटोक में भर्ती कराया गया है।
- 30 May 2025 6:20 PM IST
नेहरू देश के प्रधानमंत्री नहीं होते तो शायद आज PoJK होता - केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, "ये हास्यमय की बात है कि अगर कोई कांग्रेस नेता ये कहता है कि राहुल गांधी देश के नेता या प्रधानमंत्री होते तो आज PoJK भारत का हिस्सा होता, जबकि इसके विपरीत सवाल ये होना चाहिए कि अगर राहुल गांधी के पर नाना पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री नहीं होते तो शायद आज PoJK होता ही नहीं। ये उनकी करनी धरनी का नतीजा है। पहले देश का बंटवारा हुआ और फिर जम्मू-कश्मीर का बंटवारा हुआ..."
- 30 May 2025 6:17 PM IST
8 मई के बाद पाकिस्तान ने मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया - बीएसएफ गुजरात आईजी
ऑपरेशन सिंदूर पर बीएसएफ गुजरात के आईजी अभिषेक पाठक ने कहा, "... 8 मई के बाद पाकिस्तान ने मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, लेकिन हमारी सेना की वायु रक्षा प्रणाली ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और हमें कोई नुकसान नहीं हुआ। गुजरात सीमा पर पाकिस्तान द्वारा 500 से अधिक ड्रोन भेजे गए... लेकिन किसी भी सुरक्षाकर्मी या नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा..."
- 30 May 2025 6:16 PM IST
बड़े मिया राहुल गांधी दिल्ली से बोलते हैं और छोटे मियां रेवंत रेड्डी हैदराबाद से बोलते हैं - केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान पर कहा, "उन्होंने जो कहा है उसकी मैं निंदा करता हूं। ये गलत बयान है। सेना का अपमान करते हुए जो बात किया है ये बिल्कुल गलत है। बड़े मिया राहुल गांधी दिल्ली से बोलते हैं और छोटे मियां रेवंत रेड्डी हैदराबाद से बोलते हैं। ऐसा आज तक किसी ने नहीं बोला...आज आप राफेल विमान कितना गिर गया है उसका हिसाब मांग रहे हो। भारत की सेना बहादूर सेना है आज पूरी दुनिया जय-जयकार कर रही है।"
- 30 May 2025 6:11 PM IST
2030 तक पर्यटन क्षेत्र देश की जीडीपी में 10 प्रतिशत का योगदान देगा - केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ग्लोबल इकोनॉमी में 10 प्रतिशत योगदान टूरिज्म सेक्टर का होता है और मुझे यकीन है कि ग्लोबल पैरामीटर के तहत 2030 तक हमारा पर्यटन क्षेत्र भी देश की जीडीपी में 10 प्रतिशत का योगदान देगा। हम इस विजन पर तेजी से काम कर रहे हैं।
- 30 May 2025 6:10 PM IST
दुनिया की आईटी कैपिटल के रूप में 'भारत' की मजबूत स्थिति आशीष कुमार चौहान
एनएसई के प्रबंध निदेशक और सीईओ आशीष कुमार चौहान ने कहा कि भारत दुनिया की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) राजधानी के रूप में उभरा है। साथ ही, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) अपने उच्च तकनीक वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों लोगों को व्यापार करने में मदद करते हुए विशाल डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करने में अग्रणी रहा है।
- 30 May 2025 6:09 PM IST
भारतीय झींगा निर्यातकों को वित्त वर्ष 2026 में 2-3 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि का अनुमान क्रिसिल
क्रिसिल की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय झींगा निर्यातकों को वित्त वर्ष 2026 में राजस्व में 2-3 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिलेगी, क्योंकि बढ़ती कीमतों और मुद्रा में बढ़त के कारण प्राप्तियों में सुधार दर्ज किया गया है। हालांकि, लो-वैल्यू एडेड झींगा निर्यात पर दबाव बढ़ने की संभावना है, लेकिन भारतीय निर्यातकों को वैल्यू-एडेड सेगमेंट में चीन, वियतनाम, थाईलैंड और इंडोनेशिया जैसे अन्य एशियाई समकक्षों की तुलना में प्रतिस्पर्धात्मक लाभ है, जो उच्च टैरिफ का सामना करते हैं, लेकिन अमेरिका में एक तिहाई से अधिक बाजार हिस्सेदारी रखते हैं।
- 30 May 2025 6:08 PM IST
हम निर्धारित समय तक नक्सलवाद को खत्म कर चुके होंगे विजय शर्मा
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को खूंखार नक्सली कुंजम हिडमा की गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य बहुत जल्द प्राप्त कर लिया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
- 30 May 2025 6:07 PM IST
झारखंड बोर्ड इंटर साइंस और कॉमर्स का रिजल्ट 31 मई को जारी होगा
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की 12वीं विज्ञान और वाणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम 31 मई, शनिवार को दिन 11.30 बजे जारी किया जाएगा। यह जानकारी काउंसिल के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने दी। राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन रांची के नामकुम स्थित काउंसिल मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान परिणाम जारी करेंगे।
Created On :   30 May 2025 7:59 AM IST