Breaking News: आज की बड़ी खबरें 30 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 30 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
30 मई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 30 May 2025 6:06 PM IST

    भारत की जीडीपी ग्रोथ जनवरी-मार्च अवधि में बढ़कर 7.4 प्रतिशत रही

    भारत की जीडीपी वृद्धि दर वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में बढ़कर 7.4 प्रतिशत हो गई है। वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में यह 6.2 प्रतिशत पर थी। इसकी वजह कृषि, कंस्ट्रक्शन और सर्विसेज सेक्टर का मजबूत प्रदर्शन करना है। यह जानकारी शुक्रवार को सरकार की ओर से जारी डेटा में दी गई। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 की आर्थिक विकास दर 6.5 प्रतिशत रही है।

  • 30 May 2025 6:06 PM IST

    पीएनसी इन्फ्राटेक का मुनाफा चौथी तिमाही में 80 प्रतिशत गिरकर 75.43 करोड़ रुपए रहा

    इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी पीएनसी इन्फ्राटेक ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए। जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 80.94 प्रतिशत कम होकर 75.43 करोड़ रुपए रह गया है, जो कि इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 395.89 करोड़ रुपए था। तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 7.2 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। दिसंबर तिमाही में कंपनी को 81.35 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।

  • 30 May 2025 6:05 PM IST

    झारखंड ने 16वें वित्त आयोग से मांगे 3 लाख 3 हजार करोड़

    झारखंड सरकार ने 16वें वित्त आयोग से राज्य के विकास के लिए कुल 3 लाख 3 हजार 527 करोड़ रुपए का ग्रांट मांगा है। राज्य के चार दिवसीय दौरे पर आई आयोग की टीम के समक्ष शुक्रवार को राज्य सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों में समेकित और समावेशी विकास के संभावित रोडमैप पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया।

  • 30 May 2025 6:04 PM IST

    संजय झा के नेतृत्व में इंडोनेशिया में इस्लामी नेताओं से मिला प्रतिनिधिमंडल

    जदयू (जनता दल यूनाइटेड) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नहदलातुल उलमा कार्यकारी बोर्ड (पीबीएनयू) के अध्यक्ष के.एच. उलिल अबशार अब्दुल्ला और दुनिया के सबसे बड़े इस्लामी संगठन 'नहदलातुल उलमा (एनयू) इन इंडोनेशिया' के समिति सदस्य खोलीली खोलील से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने हिंसा और धार्मिक चरमपंथ के खिलाफ उनका समर्थन मांगा।

  • 30 May 2025 6:03 PM IST

    'डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए लाबुशेन को ख्वाजा के साथ ओपनिंग करने उतारा जा सकता है' पोंटिंग

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना ​​है कि अगले महीने लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के लिए नियमित ओपनर उस्मान ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन को "उतारा जा सकता है"। जबकि ऑस्ट्रेलिया की अधिकांश प्लेइंग इलेवन तय हो गई है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण सवाल अभी भी बने हुए हैं।

  • 30 May 2025 6:02 PM IST

    प्रज्ञा सिंह ठाकुर के निरर्थक बयान को तवज्जो देने की जरूरत नहीं राजेश ठाकुर

    झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने गोहत्या के मुद्दे पर भोपाल की पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को निरर्थक और उन्मादी मानसिकता का परिचायक बताया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ये नाथूराम गोडसे की पूजा करने वाले लोग हैं। इन्होंने पहले बयान दिया था कि नाथूराम गोडसे उनके भगवान की तरह हैं। ऐसे लोग हिंसा वाली सोच से बाहर निकल ही नहीं सकते।

  • 30 May 2025 6:01 PM IST

    विमान दुर्घटना से पहले नहीं हुआ कोई आपातकालीन संचार दक्षिण कोरियाई नौसेना

    एक समुद्री गश्ती विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना के एक दिन बाद शुक्रवार को दक्षिण कोरियाई नौसेना ने बताया कि विमान में सवार चालक दल के सदस्यों ने आपातकालीन स्थिति के बारे में अंतिम क्षण तक ग्राउंड कंट्रोल टॉवर से कोई संपर्क नहीं किया था। नौसेना का पी-3सीके गश्ती विमान गुरुवार को दोपहर 1:49 बजे सोल से लगभग 270 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित पोहांग में एक पहाड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

  • 30 May 2025 4:59 PM IST

    नवनियुक्त तीन न्यायाधीशों ने शीर्ष कोर्ट में आज शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली

    देश की सर्वोच्च अदालत को आज 3 नए न्यायाधीश मिल गए है। नवनियुक्त तीन न्यायाधीशों ने उच्चतम न्यायालय में आज शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में शीर्ष अदालत के कई न्यायाधीशों के अलावा अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता और गणमान्य लोग मौजूद थे। इससे पहले न्यायमूर्ति अंजारिया कर्नाटक हाईकोर्ट के सीजे, जबकि न्यायमूर्ति बिश्नोई गुवाहाटी हाईकोर्ट और न्यायमूर्ति चंदुरकर बॉम्बे हाईकोर्ट के सीजे के पद पर थे।

  • 30 May 2025 4:55 PM IST

    आतंकवाद के खिलाफ इंडिया के साथ इंडोनेशिया

    इंडोनेशिया पहुंचे भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से वहां के सबसे बड़े इस्लामी संगठन नाहदतुल उलमा के कार्यकारी बोर्ड अध्यक्ष के. एच. उलिल अब्शार अब्दल्ला ने मुलाकात कर कई अहम बात की। अब्दल्ला ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने और शांति को बढ़ावा देने की बात जोरों शोरों से की। अब्दल्ला ने कहा आतंकवाद के सबसे बड़े शिकार खुद मुसलमान हैं, इसलिए इस खतरे को खत्म करने की सबसे पहली जिम्मेदारी भी मुसलमानों की ही बनती है।  

  • 30 May 2025 4:47 PM IST

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत का किया दौरा

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज देश के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत का दौरा किया। सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर’ की शानदार सफलता के बाद ये दौरा किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने नौसेना के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी साथ ही उन्होंने उनके हौसले को सलाम किया।

Created On :   30 May 2025 7:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story