Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 Sept 2025 1:00 AM IST
असम पुलिस ने 3 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में भुवनेश्वर से एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
असल पुलिस की एक टीम ने भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस की मदद से गुरुवार को शिवसागर जिले के बिहुबोर पुलिस स्टेशन में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरूप सुंदर चौधरी के रूप में हुई है, जो भुवनेश्वर के नीलाद्री विहार इलाके का रहने वाला है।
- 5 Sept 2025 12:42 AM IST
सीएम योगी ने गोरखपुर में दी करोड़ों की सौगात, गोरखा युद्ध स्मारक और संग्रहालय का शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन विकास और वीरता के सम्मान को समर्पित कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की। दिन की शुरुआत गीडा में कोको कोला फैक्ट्री से जुड़ी करोड़ों रुपए की परियोजनाओं के शुभारंभ के साथ हुई। इसके बाद गोरखा रिक्रूटिंग डिपो (जीआरडी) में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोरखा युद्ध स्मारक के सौंदर्यीकरण और संग्रहालय निर्माण का शिलान्यास किया।
- 5 Sept 2025 12:12 AM IST
मुंबई के मलाड की पटाखे की दुकान में लगी आग
मुंबई के मलाड इलाके में एक पटाखे की दुकान में आग लग गई। इसकी वजह से आसपास के इलाके में हड़कम मच गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
- 4 Sept 2025 11:53 PM IST
जम्मू-कश्मीर को आयुर्वेद क्षेत्र में बड़ी सौगात, अखनूर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज को मिलीं 35 पीजी सीटें
जम्मू-कश्मीर में आयुर्वेद शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। अखनूर स्थित गवर्नमेंट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज को केंद्र सरकार द्वारा 35 नई आयुर्वेद पीजी सीटें मंजूर की गई हैं।
- 4 Sept 2025 11:21 PM IST
छात्रों को सड़क सुरक्षा के बारे में शिक्षित करना जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम कदम नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में 'विजन जीरो: लाइफ फर्स्ट, ऑलवेज' विषय पर केंद्रित फिक्की सड़क सुरक्षा पुरस्कार एवं संगोष्ठी 2025 के सातवें संस्करण को संबोधित किया। गडकरी ने सड़कों को लेकर स्थायी बदलाव लाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और सक्रिय जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
- 4 Sept 2025 10:26 PM IST
किसी भी नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना गलत है टीएस सिंहदेव
छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने अपशब्दों के उपयोग की निंदा की थी। सिंहदेव ने कहा कि तेजस्वी सही हैं, लेकिन किसी के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने घर में अपमानजनक व्यवहार की जांच कर लेनी चाहिए।
- 4 Sept 2025 9:55 PM IST
एनडीए का बिहार बंद पूरी तरह से 'सुपर फ्लॉप' रहा तेजस्वी यादव
बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में एनडीए संयुक्त महिला मोर्चा के पांच घंटे के बिहार बंद को राजद ने पूरी तरह फ्लॉप बताया है।
- 4 Sept 2025 9:01 PM IST
जीएसटी रिफॉर्म पर बोलीं बांसुरी स्वराज, पीएम मोदी ने रोटी को 'करमुक्त' किया
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में बड़े रिफॉर्म के बाद दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी और वित्त मंत्री ने देश की मातृशक्ति को बड़ा उपहार दिया है। पीएम मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने रोटी को 'करमुक्त' कर दिया है। गृहिणी अब देखेंगी कि कितनी ज्यादा बचत होने वाली है। जीएसटी रिफॉर्म भारत की अर्थव्यवस्था में आर्थिक क्रांति का उद्घोष है।
- 4 Sept 2025 8:46 PM IST
ओबीसी समाज को किसी भी नेता पर भरोसा करने के बजाय खुद ही लड़नी होगी लड़ाई - प्रकाश आंबेडकर
वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) के नेता प्रकाश आंबेडकर ने महाराष्ट्र में मराठा और ओबीसी आरक्षण विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने ओबीसी समाज से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का आह्वान किया।
- 4 Sept 2025 8:14 PM IST
भारत-सिंगापुर शिक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की पहल सराहनीय धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस मुलाकात को भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों के 60वें वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने इस मुलाकात को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा हुई।
Created On :   4 Sept 2025 8:11 AM IST