Breaking News: आज की बड़ी खबरें 7 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 7 Nov 2025 11:33 AM IST
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तीसरे राउंड की वार्ता विफल
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तीसरे राउंड की वार्ता विफल होती नजर आ रही है। शांति वार्ता से इतर अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने हमला किया है। वहीं पाकिस्तानी मीडिया ने जानकारी दी है कि सीमा पर दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की वार्ता दो दिवसीय है। एक तरफ सीजफायर को लेकर बातचीत चल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान ने पाक पर हमला करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार दोनों देशों के बीच सीमा पर हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए हैं।
- 7 Nov 2025 10:56 AM IST
प्रधानमंत्री मोदी एक महान व्यक्ति हैं और मैं भारत जाऊंगा- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा पीएम मोदी मेरे दोस्त हैं, हम बात करते रहते हैं और उन्होंने मुझे भारत आने का न्योता दिया है। हम तारीख तय करेंगे,प्रधानमंत्री मोदी एक महान व्यक्ति हैं और मैं भारत जाऊंगा।
- 7 Nov 2025 10:44 AM IST
जल्द ही भारत दौरे पर आ सकते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत बेहद अच्छी चल रही है और वे जल्द ही भारत दौरे पर आ सकते हैं
- 7 Nov 2025 10:25 AM IST
गन्ना किसान आंदोलन से घबराकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री मोदी से मांगी मदद
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर राज्य में गन्ना किसानों के संकट को हल करने के लिए तुरंत बैठक की मांग की है। कर्नाटक में बीते कई दिनों से गन्ना किसान आंदोलन कर रहे हैं और उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद किया हुआ है। किसान आंदोलन को समर्थन बढ़ता ही जा रहा है और यह आंदोलन कई अन्य जिलों में भी फैल सकता है।
- 7 Nov 2025 10:08 AM IST
ओबामा ने मौजूदा राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए कहा अमेरिकी वोटर्स अब ट्रंप के एजेंडे को खारिज कर रहे हैं
अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी में जश्न का माहौल है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वॉशिंगटन में एक कार्यक्रम में मौजूदा राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिकी वोटर्स अब ट्रंप के एजेंडे को खारिज कर रहे हैं। ओबामा ने उम्मीद जताते हुए ये भी कहा कि डेमोक्रेट्स के बीच जारी मतभेदों को दूर किया जा सकता है।
- 7 Nov 2025 10:07 AM IST
केरल सबरीमाला सोना चोरी मामले में एसआईटी की चौथी गिरफ्तारी
सबरीमाला गोल्ड प्लेटिंग चोरी मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने गुरुवार को त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के एक पूर्व कर्मचारी केएस बिजू को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है।
- 7 Nov 2025 9:58 AM IST
जेंडर को लेकर ट्रंप की नीति पर सुप्रीम कोर्ट की लगी मुहर, पासपोर्ट पर केवल होंगे मेल और फीमेल ऑप्शन
अमेरिका में थर्ड जेंडर को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति पर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगा दी है। अब अमेरिकी पासपोर्ट पर थर्ड जेंडर का विकल्प नहीं होगा। पासपोर्ट पर केवल मेल और फीमेल का ही ऑप्शन मिलेगा।
- 7 Nov 2025 9:49 AM IST
राजस्थान अलवर के लक्ष्मणगढ़ के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा; एक की मौत, तीन घायल
राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ के निकट दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सड़क हादसा चैनल नंबर 122 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में दौड़ रही एक स्कॉर्पियो कार का बैलेंस बिगड़ने से वह 5 से 10 बार पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों में से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
- 7 Nov 2025 9:11 AM IST
दिल्ली में वंदे मातरम के 150वें वर्ष समारोह के कारण यातायात सलाह पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
संस्कृति मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारत के राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के मुख्य परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगभग 11,000 आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे, जो करीब 1,000 कारों और 300 बसों में पहुंचेंगे। इससे दिल्ली के केंद्रीय इलाकों में भारी यातायात जाम की संभावना है। दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विस्तृत सलाह जारी की है, जिसमें डायवर्जन, प्रतिबंध और पार्किंग नियम शामिल हैं।
- 7 Nov 2025 9:03 AM IST
बक्सर में बिना डरे लोगों ने दिए वोट, पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न- पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य
बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ। पहले चरण में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बक्सर समेत सभी जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। छपरा सहित सभी क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई। दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
Created On :   7 Nov 2025 8:04 AM IST












