ब्रिक्स संसदीय मंच से इतर पीएम मोदी, जयशंकर और शशि थरूर से मिले ईरानी प्रतिनिधि

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। दो दिवसीय 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच 2026 का आगाज हो चुका है। भारत की मेजबानी में इसका आयोजन संसद भवन परिसर के संविधान सदन स्थित सेंट्रल हॉल में हो रहा है। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आयोजन स्थल पर पहुंचे, फैमिली तस्वीर का हिस्सा बने और साझेदार देशों के कुछ प्रतिनिधियों से मुलाकात की। ईरानी दूतावास ने पीएम मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वरिष्ठ सांसद शशि थरूर से बातचीत करते अपने प्रतिनिधि का वीडियो जारी किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, "12वें संसदीय मंच 2026 के दौरान, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने ईरानी संसदीय प्रतिनिधियों से शिष्टाचार भेंट की।"
दूतावास के अनुसार, इन मुलाकातों से भारत और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को रेखांकित किया गया। बता दें कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के पार्लियामेंट्री डेलीगेशन का नेतृत्व डॉ. अहमद नादेरी कर रहे हैं। साझा की गई वीडियो क्लिप में वो ही पीएम मोदी से बात करते देखे जा सकते हैं।
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ इस मंच में शामिल होने वाले थे। लेकिन फिर दूतावास ने शनिवार (24 अक्टूबर) को बयान जारी कर बताया, " अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण वो नहीं आ पाएंगे। उनके बदले ईरान का एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल मंच की बैठक में हिस्सा लेगा।"
दो दिवसीय (26 और 27 अक्टूबर) कार्यक्रम में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के पीठासीन अधिकारी और संसदीय नेता, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, राज्य विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी, सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हो रहे हैं।
सोमवार को फोरम का विधिवत उद्घाटन करते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने ठोस परिणाम देने की अपील ब्रिक्स समूह से की। उन्होंने कहा, "हमारी सफलता केवल चर्चाओं से नहीं, बल्कि उसके ठोस परिणामों से मापी जाएगी।" उन्होंने ब्रिक्स साझेदारों से ऐसे समाधान निकालने का आग्रह किया, जिनसे नागरिकों के जीवन में सुधार आए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
