कोटा जेईई की तैयारी कर रहा छात्र पीजी में मृत मिला; नीट का परीक्षार्थी बाथरूम में बेहोश मिला, अस्पताल में हुई मौत

जयपुर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दो छात्रों की अलग-अलग घटनाओं में मौत से सनसनी फैल गई है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला 16 वर्षीय जेईई अभ्यर्थी रविवार रात जवाहर नगर थाना क्षेत्र में अपने पीजी (पेइंग गेस्ट) में फंदे से लटका मिला। इसी दिन, बिहार के दरभंगा का रहने वाला 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी अपने हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला, बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। इन मौतों के पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनीष शर्मा के अनुसार, 16 वर्षीय छात्र महावीर नगर-1 में एक पीजी में रह रहा था। वह जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) की तैयारी के लिए लगभग छह महीने पहले कोटा आया था।
जवाहर नगर थाने के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) महेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र रविवार को अपने कोचिंग सेंटर में टेस्ट देकर लौटा था। रात 10 बजे उसके सामने वाले कमरे में रहने वाले एक छात्र ने उसे बुलाया तो उसको कोई जवाब नहीं मिला।
जब कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया, तो अन्य छात्रों ने पीजी मैनेजर को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मैनेजर ने खिड़की से अंदर देखा तो छात्र फंदे से लटका हुआ था। कमरा अंदर से बंद था।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। छात्र के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी गई। जानकारी होते ही परिजन तत्काल कोटा पहुंचे। पुलिस ने बताया कि छात्र की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
एक अन्य घटना में कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क इलाके में 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी अपने हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला। सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) धनराज के अनुसार, छात्र बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की तैयारी के लिए लगभग दो साल से कोटा में रह रहा था। वह 'श्रीजी रेजिडेंसी' में रहता था।
रविवार दोपहर 1 बजे वह खाना लेकर हॉस्टल लौटा। बाद में जब अन्य छात्रों ने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल प्रबंधन को सूचित किया गया।
इसके बाद प्रबंधन ने दरवाजा तोड़ा और उसे बाथरूम में बेहोश पाया। उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, उसके कान के पास चोट का एक मामूली निशान दिखा, जो संभवतः बाथरूम में गिरने की वजह से लगा हो।
चोट और मौत के असल कारणों की अभी जांच की जा रही है। मृतक छात्र के परिजनों ने उसकी मौत के हालात पर संदेह जताया है और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घटनाओं की जांच चल रही है। पुलिस अभी तक इन मौतों से जुड़े हालात का पता नहीं लगा पाई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
