ब्रिटेन पीएम स्टार्मर ने संसद को किया 'गुडबाय', बोले- ये मेरे राजनीतिक सफर का अंत

ब्रिटेन पीएम स्टार्मर ने संसद को किया गुडबाय, बोले- ये मेरे राजनीतिक सफर का अंत
कीर स्टार्मर ने बतौर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आखिरी बार हाउस ऑफ कॉमंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह देश को उस स्थिति से बेहतर हालात में छोड़कर जा रहे हैं, जैसी स्थिति में उन्होंने कार्यभार संभाला था।

लंदन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। कीर स्टार्मर ने बतौर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आखिरी बार हाउस ऑफ कॉमंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह देश को उस स्थिति से बेहतर हालात में छोड़कर जा रहे हैं, जैसी स्थिति में उन्होंने कार्यभार संभाला था।

संसद में प्रश्नकाल के दौरान लेबर पार्टी की सांसद और स्टार्मर की करीबी सहयोगी कैरोलिन हैरिस ने कहा, "जब स्टार्मर ने पार्टी का नेतृत्व संभाला था, तब बहुत कम लोगों को विश्वास था कि वह जरूरी बदलाव ला पाएंगे। आज उनके नेतृत्व की बदौलत बच्चे अधिक न्यायपूर्ण ब्रिटेन में बड़े हो रहे हैं और देश वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है।"

हैरिस ने कहा कि पूरे कार्यकाल के दौरान स्टार्मर की शालीनता और साहस लगातार दिखाई दिया।

उनकी बातों के जवाब में स्टार्मर ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा, "डिस्पैच बॉक्स से यह मेरा आखिरी जवाब होगा।"

उन्होंने कहा, "हर प्रधानमंत्री जानता है कि जब वह यह जिम्मेदारी संभालता है, तो एक दिन उसे इसे किसी और को सौंपना होगा। वह दिन अब मेरे लिए आ गया है।"

स्टार्मर ने कहा कि यह उनके राजनीतिक सफर का अंत है। उन्होंने कहा, "छह वर्षों में हमने 2019 की ऐतिहासिक हार से 2024 की ऐतिहासिक जीत तक का सफर तय किया और सरकार में दो वर्षों के बाद मैं देश को पहले से बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहा हूं। मुझे हमारी सभी उपलब्धियों पर गर्व है।"

उन्होंने संसद अध्यक्ष, संसद के कर्मचारियों और अपने निर्वाचन क्षेत्र के कार्यालयों में कार्यरत लोगों का उनके सहयोग और कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने सिविल सेवा के अधिकारियों, अपनी राजनीतिक टीम और पार्टी के सहयोगियों का भी आभार जताया।

स्टार्मर ने कहा कि उनकी टीम ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और उनके लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार रही। उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उन सभी पर गर्व है।

उन्होंने अपने उत्तराधिकारी को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया और संसद के सभी सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन के अंत में स्टार्मर ने कहा कि जिन लोगों का जीवन उनकी सरकार के दौरान बेहतर हुआ और जो समाज में अक्सर अनसुने रह जाते हैं, वही उनके राजनीति में आने की सबसे बड़ी प्रेरणा रहे हैं।

उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं तुम सबसे प्यार करता हूं। गुडबाय।"

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने 22 जून 2026 को डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफे की घोषणा की थी। इनके बाद इस पद के प्रबल दावेदार एंडी बर्नहैम माने जा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 July 2026 6:26 PM IST

Tags

Next Story