बंटी यादव हत्याकांड मंत्री रामकृपाल ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की, पप्पू यादव बोले- स्पीडी ट्रायल से दोषियों को मिले फांसी

बंटी यादव हत्याकांड मंत्री रामकृपाल ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की, पप्पू यादव बोले- स्पीडी ट्रायल से दोषियों को मिले फांसी
पटना के न्यू करबिगहिया निवासी बंटी यादव की अपहरण के बाद हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को अलग-अलग पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पटना के न्यू करबिगहिया निवासी बंटी यादव की अपहरण के बाद हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को अलग-अलग पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

दोनों नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, हालांकि पप्पू यादव ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल भी उठाए। मंत्री रामकृपाल यादव ने बंटी यादव की हत्या को जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि गरीब परिवार का कमाने वाला सदस्य छिन जाने से पूरा परिवार संकट में आ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब परिजन जक्कनपुर थाना पहुंचे तो उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय क्षेत्राधिकार का हवाला देकर लौटा दिया गया, जबकि जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने को भेजा जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि बाद में सरकार और पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।

उन्होंने कहा कि सरकार की अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति है और दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि वह पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का मामला सरकार के समक्ष उठाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस सेक्स रैकेट के खिलाफ बंटी यादव आवाज उठा रहे थे, वह लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है।

वहीं, सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ ही दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा देने की मांग की। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये का मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि अपराधी, शराब माफिया, जमीन माफिया और कथित सेक्स रैकेट संचालकों को संरक्षण मिल रहा है तथा पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पटना सहित राज्य के विभिन्न शहरों में चल रहे कथित सेक्स रैकेट के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने और पूरे नेटवर्क की जांच कराने की मांग की। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि बंटी यादव ने पहले ही पुलिस को लिखित रूप से अवैध गतिविधियों की सूचना दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने जक्कनपुर और कोतवाली थाना की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही सभी होटलों, हॉस्टलों और मसाज पार्लरों की जांच तथा सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कराने की भी अपील की।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 2:17 PM IST

Tags

Next Story