सीबीआई की बड़ी कामयाबी, दिल्ली पुलिस का वांछित भगोड़ा सजीर पल्ली मूप्पम को यूएई से भारत लाया गया

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के वांछित भगोड़े सजीर पल्ली मूप्पम को यूएई से भारत लाने में बड़ी सफलता हासिल की है।
सीबीआई ने विदेश मंत्रालय (एमईए), गृह मंत्रालय (एमएचए) और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर 'रेड नोटिस' वाले आरोपी सजीर पल्ली मूप्पम को बुधवार को यूएई से भारत वापस लाने में सफलता प्राप्त की है।
इस कार्रवाई को लेकर सीबीआई ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया कि यह आरोपी दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित था। जांच से पता चला कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 20 वर्षीय एक युवती को जबरन नशीला पदार्थ दे दिया, जिससे वह बेसुध हो गई।
उसकी इस असहाय स्थिति का फायदा उठाते हुए आरोपी उसे एक होटल ले गया। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने किसी और के पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके होटल में चेक-इन किया। इसके बाद उसने पीड़िता के साथ उसकी मर्जी के बिना यौन उत्पीड़न किया, जिसकी पुष्टि बाद में मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट से हुई।
इस मामले में संबंधित अदालत के समक्ष एक विस्तृत चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है। वहीं, दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से इस आरोपी के खिलाफ 'रेड नोटिस' जारी करवाया था। एनसीबी-नई दिल्ली के अनुरोध पर यूएई के अधिकारियों ने आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यूएई के अधिकारियों ने आरोपी को भारत को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां अधिकारियों ने आरोपी को उन्हें सौंप दिया गया। यह टीम आरोपी को लेकर बुधवार को नई दिल्ली पहुंची।
बता दें कि भारत में इंटरपोल के 'नेशनल सेंट्रल ब्यूरो' के रूप में सीबीआई इंटरपोल के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए 'भारत पोल' के जरिए भारत की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करके 278 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
