चैत्र नवमी पर महाकाल के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, भस्म आरती में दिखा दिव्य स्वरूप

चैत्र नवमी पर महाकाल के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, भस्म आरती में दिखा दिव्य स्वरूप
चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर शुक्रवार को उज्जैन में महाकाल के दर पर सुबह से भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। बाबा की विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती के दौरान श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के नारों से गूंज उठा।

उज्जैन, 27 मार्च (आईएएनएस)। चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर शुक्रवार को उज्जैन में महाकाल के दर पर सुबह से भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। बाबा की विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती के दौरान श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के नारों से गूंज उठा।

श्रद्धालु देर रात से अपने ईष्ट के दर्शन के लिए देर रात से ही लंबी कतारों में लगे हुए थे। रोज की तरह शुक्रवार को भी सुबह बाबा के कपाट खोले गए और भस्म आरती के बाद महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया।

सबसे पहले भोर में भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेकर मंदिर के कपाट खोले गए। महानिर्वाणी अखाड़े द्वारा पहले बाबा का जलाभिषेक किया और बाद में पंचामृत से स्नान करवाया गया। इस पंचामृत में शुद्ध दूध, ताजा दही, देसी घी, शक्कर, शहद और विभिन्न फलों के रस का मिश्रण शामिल था। अभिषेक के बाद भस्म आरती का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बाबा को भस्म चढ़ाई गई और आरती उतारी गई। इसमें महाकाल भक्तों को निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।

राम नवमी होने के कारण बाबा का आज का श्रृंगार खास था। बाबा का श्रृंगार करने के लिए उनके माथे पर चांदी का सुंदर त्रिपुंड लगाया गया और उनके माथे पर राम लिखा था, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। फूलों की मालाएं, बेलपत्र, चंदन और अन्य पूजा सामग्री से बाबा को सजाया गया। फिर, बाद में महाकाल की कपूर आरती की गई और उसके बाद उन्हें भोग लगाया गया।

भक्तों ने इस पवित्र आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दिव्य रूप का आनंद लिया। हर तरफ 'हर हर महादेव' और 'जय श्री महाकाल' के जयकारे गूंज रहे थे। मंदिर का पूरा परिसर भक्ति भाव से भर गया था।

यह आरती वैराग्य और मृत्यु के सत्य का प्रतीक है। बाबा पर चढ़ने वाली भस्म कपिला गाय के कंडों की राख, पलाश, बड़, पीपल और बेर की लकड़ियों को जलाकर विशेष रूप से तैयार की जाती है। आरती के दौरान शिवलिंग पर लगभग ढाई किलो भस्म चढ़ाई जाती है, जिससे बाबा महाकाल को जगाने की परंपरा पूरी की जाती है।

भस्म आरती के दौरान महिलाएं घूंघट करती हैं और पुरुषों को धोती पहननी होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 9:22 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story